इंदौर में रोहित शर्मा के साथ 'सिक्योरिटी ब्रीच', होटल के बाहर महिला ने पकड़ा हाथ, बताया क्यों किया ऐसा?

Rohit Sharma News: इंदौर में टीम इंडिया के होटल के बाहर रोहित शर्मा तक पहुंची एक महिला की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इंदौर में महिला ने रोहित शर्मा का पकड़ा हाथ
इंदौर में महिला ने रोहित शर्मा का पकड़ा हाथ (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Indore Security Breach: इंदौर में भारतीय क्रिकेट टीम के होटल के बाहर एक चौंकाने वाली सुरक्षा चूक सामने आई है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज के दौरान एक महिला सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा तक पहुंच गई। इस घटना के सामने आते ही प्रशासन और क्रिकेट प्रशंसकों के बीच हड़कंप मच गया। हाई-प्रोफाइल खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं।

रोहित शर्मा तक पहुंची महिला, पकड़ लिया हाथ

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सरिता शर्मा नाम की महिला तीसरे वनडे के बाद होटल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर रोहित शर्मा तक पहुंच गई। महिला ने अचानक रोहित शर्मा का हाथ पकड़ लिया, जिससे वह हैरान नजर आए। स्थिति को भांपते हुए सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत दखल दिया और रोहित शर्मा को सुरक्षित वहां से बाहर निकाला। कुछ ही सेकंड की इस घटना ने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी।

वायरल वीडियो के बाद सामने आई सच्चाई

घटना के बाद सरिता शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपने इस कदम की वजह बताई। उन्होंने कहा कि उनकी आठ साल की बेटी अनिका एक गंभीर बीमारी से जूझ रही है। बच्ची के इलाज के लिए एक खास मेडिकल इंजेक्शन की जरूरत है, जिसकी कीमत करीब 9 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह इंजेक्शन अमेरिका से मंगवाना होगा और समय तेजी से निकलता जा रहा है।

इलाज के लिए जुटाए जा रहे करोड़ों रुपये

सरिता शर्मा के मुताबिक, परिवार अब तक सामुदायिक फंडरेजिंग के जरिए करीब 4.1 करोड़ रुपये जुटा चुका है, लेकिन बाकी रकम का इंतजाम करना बेहद मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि हर दरवाजा खटखटाने के बाद भी उन्हें कोई ठोस रास्ता नहीं दिखा, जिसके चलते उन्होंने यह जोखिम भरा कदम उठाया। उनका कहना है कि यह न तो किसी प्रचार के लिए था और न ही सेल्फी लेने की कोशिश, बल्कि एक मां की मजबूरी थी।

रोहित और विराट से मदद की अपील

अपने वीडियो संदेश में सरिता शर्मा ने रोहित शर्मा के साथ-साथ विराट कोहली से भी मदद की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर उनकी आवाज इन दिग्गज खिलाड़ियों तक पहुंच जाए, तो शायद उनकी बेटी की जान बचाई जा सकती है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने महिला की स्थिति के प्रति सहानुभूति जताई और मदद की अपील भी साझा की।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

इस पूरी घटना ने एक बार फिर भारतीय टीम और अन्य अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस तरह एक आम महिला बिना रोकटोक खिलाड़ी तक पहुंच गई, वह सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा को कितना मजबूत किया जाता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com