'उम्मीद नहीं कर सकते...', पर्थ की हार के बाद गुस्से में पूर्व दिग्गज, कप्तान गिल से पूछे कड़े सवाल

IND vs AUS: पर्थ में मिली हार के बाद पूर्व क्रिकेटर ने शुभमन गिल की कप्तानी पर सवाल उठाए। वो कुलदीप यादव को प्लेइंग 11 से बाहर रखने के फैसले से नाराज दिखे और गेंदबाजों की जमकर आलोचना की।
'उम्मीद नहीं कर सकते...', पर्थ की हार के बाद गुस्से में पूर्व दिग्गज, कप्तान गिल से पूछे कड़े सवाल
शुभमन गिल (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Captain Shubman Gill: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में भारत को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। शुभमन गिल के लिए बतौर वनडे कप्तान यह मैच किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। न उनका बल्ला चला और न ही उनकी कप्तानी में वह धार दिखाई दी जिसकी उम्मीद थी। टीम की प्लेइंग 11 को लेकर भी कई सवाल उठे, जिनमें सबसे बड़ा मुद्दा रहा। कुलदीप यादव को बाहर रखना।

मोहम्मद कैफ ने टीम इंडिया को दिखाया आईना

टीम इंडिया की हार के बाद पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर खिलाड़ियों की जमकर आलोचना की। उन्होंने गेंदबाजों को हार के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि “इस टीम में काफी ज्यादा पार्ट-टाइम गेंदबाज हैं। नीतीश रेड्डी एक कंप्लीट बॉलर नहीं हैं और यहां तक कि सुंदर भी इस पिच पर प्रभाव नहीं डाल सके। हर्षित राणा खुद से निराश होंगे। गेंदबाजों के पास कम स्कोर होने के बावजूद मैच पलटने का मौका था, मगर यह कब जिम्मेदारी लेंगे? आप सिर्फ बुमराह और शमी के खेलने पर ही जीत की उम्मीद नहीं कर सकते।” कैफ के इस बयान ने साफ कर दिया कि भारत की हार केवल बल्लेबाजी नहीं, बल्कि गेंदबाजी की असफलता का नतीजा भी थी।

कुलदीप को बाहर रखने पर भी उठाया सवाल

कैफ ने कप्तान शुभमन गिल के फैसलों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “यहां पर गिल का कप्तान के तौर पर टेस्ट भी था। उन्होंने कुलदीप यादव को नहीं खिलाया, जो एक विकेट टेकर गेंदबाज हैं। आपने हर बेस कवर करने की कोशिश की, लेकिन सबसे अहम चीज को ही मिस कर गए। शेन वॉर्न ने ऑस्ट्रेलिया के लिए हर फॉर्मेट में कमाल किया, और मैं कुलदीप के ना खेलने से काफी निराश हूं। टीम इंडिया ने क्वालिटी के ऊपर क्वांटिटी को ज्यादा महत्व दिया।”

बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में रही कमजोरियां

बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 26 ओवरों में 9 विकेट पर 136 रन बनाए। शीर्ष क्रम पूरी तरह बिखर गया। रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर सभी नाकाम रहे। केएल राहुल और अक्षर पटेल ने थोड़ी कोशिश जरूर की, लेकिन वह टीम को सम्मानजनक स्कोर तक नहीं पहुंचा सके।

गेंदबाजी में भी वही नतीजा रहा। कंगारू टीम ने मिचेल मार्श (नाबाद 46) और जोश फिलिप (37 रन) की पारियों की मदद से लक्ष्य 21.3 ओवर में ही हासिल कर लिया। भारतीय गेंदबाज बेअसर नजर आए और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने हालात का पूरा फायदा उठाया।

अगला मुकाबला एडिलेड में

पर्थ में हार के साथ भारत सीरीज में 0-1 से पीछे हो गया है। अब टीम इंडिया के पास एडिलेड में 23 अक्टूबर को खेले जाने वाले दूसरे वनडे में वापसी करने का मौका होगा। कप्तान शुभमन गिल और टीम प्रबंधन से अब उम्मीद यही है कि वे इस हार से सबक लेकर बेहतर संतुलन के साथ मैदान में उतरें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com