T20 World Cup में जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास, ऐसा कारनामा करने वाले दुनिया के पहले तेज गेंदबाज बने

T20 World Cup 2026 के फाइनल में जसप्रीत बुमराह ने अपनी घातक गेंदबाजी से इतिहास रच दिया है। बुमराह ने 4 विकेट लेकर टी20 विश्व कप में सबसे अधिक विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बन गए हैं।
Jasprit Bumrah Create History
जसप्रीत बुमराह (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Jasprit Bumrah Create History: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जसप्रीत बुमराह ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। बुमराह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 विकेट लेकर इतिहास रच दिया। वो टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में चार विकेट लेने वाले दुनिया के पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में बतौर तेज गेंदबाज सबसे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा भी अपने नाम किया।

फाइनल के अहम मुकाबले में बुमराह ने 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ अब बुमराह टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उनके नाम अब कुल 40 विकेट हो गए हैं। इस सूची में उन्होंने श्रीलंका के लसिथ मलिंगा (38 विकेट) और दक्षिण अफ्रीका के एनरिक नॉर्खिया (38 विकेट) जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है। उनकी इकॉनमी रेट (5.66) भी इस सूची में अन्य गेंदबाजों की तुलना में सबसे बेहतरीन है।

टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज

  • 40 विकेट - जसप्रीत बुमराह
  • 38 विकेट - लसिथ मलिंगा
  • 38 विकेट - एनरिक नॉर्खिया
  • 36 विकेट - अर्शदीप सिंह
  • 36 विकेट - टिम साउदी

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जसप्रीत बुमराह ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में चार विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं। इसके साथ ही बुमराह टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में चार विकेट लेने वाले चुनिंदा गेंदबाजों की सूची में भी शामिल हो गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा केवल दो गेंदबाज ही कर पाए थे।

श्रीलंका के अजंता मेंडिस ने 2012 के फाइनल में चार विकेट झटके थे और पाकिस्तान के शादाब खान ने 2021 के सेमीफाइनल में यह उपलब्धि हासिल की थी। इस तरह बुमराह टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में चार विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए, जबकि फाइनल में ऐसा करने वाले पहले तेज गेंदबाज के रूप में उन्होंने इतिहास रच दिया।

T20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट में 4 विकेट लेने वाले गेंदबाज

4/12 - अजंता मेंडिस vs वेस्टइंडीज , कोलंबो , 2012 फाइनल 4/15 - जसप्रीत बुमराह vs न्यूजीलैंड, अहमदाबाद, 2026 फाइनल 4/26 - शादाब खान vs ऑस्ट्रेलिया , दुबई, 2021 सेमीफाइनल

मुकाबले का हाल

रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। इस पारी में संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन की पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 52 रन टीम के खाते में जोड़े। ईशान किशन ने 54 रन का योगदान दिया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवरों में महज 159 रन पर सिमट गई। सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने 26 गेंदों में 5 छक्कों और 2 चौकों के साथ 52 रन की पारी खेली, जबकि मिचेल सेंटनर ने 43 रन बनाए। भारत ने मैच 96 रन से अपने नाम किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com