मिथुन मन्हास बने BCCI के नए अध्यक्ष, राजीव शुक्ला उपाध्यक्ष तो सैकिया को मिली सचिव पद की जिम्मेदारी
Mithun Manhas New BCCI President: बीसीसीआई की कमान को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया है, मिथुन मन्हास को नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राजीव शुक्ला उपाध्यक्ष और देवजीत सैकिया सचिव बने हैं।
- Written By: संजय सिंह बिष्ट
मिथुन मन्हास बने बीसीसीआई के नए अध्यक्ष (फोटो- सोशल मीडिया)
BCCI New President: बीसीसीआई की कमान अब मिथुन मन्हास के हाथों में है। जम्मू क्रिकेट संघ से जुड़े पूर्व क्रिकेटर और दिल्ली के घरेलू क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मिथुन मन्हास को बीसीसीआई का नया अध्यक्ष चुना गया। उन्होंने रोजर बिन्नी की जगह ली। वहीं, राजीव शुक्ला उपाध्यक्ष के पद पर अपने पुराने कार्यकाल को जारी रखेंगे।
अन्य पदों पर भी हुई नियुक्ति
कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के मौजूदा अध्यक्ष और भारत के पूर्व स्पिनर रघुराम भट्ट कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं। उनका केएससीए अध्यक्ष पद का कार्यकाल 30 सितंबर को समाप्त हो रहा है। देवजीत सैकिया सचिव पद पर बने रहेंगे, जबकि प्रभतेज भाटिया को संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। बीसीसीआई मुख्यालय में आयोजित वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में नए पदाधिकारियों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई।
मिथुन मन्हास का क्रिकेट करियर
जम्मू-कश्मीर में जन्मे मिथुन मन्हास ने दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा क्रिकेट मैच खेले। उन्होंने मिडिल ऑर्डर बैटर के रूप में रणजी ट्रॉफी में दिल्ली की कप्तानी की और अपने करियर में 157 फर्स्ट क्लास मैच खेलकर 9,714 रन बनाए। इनमें 27 शतक और 49 अर्धशतक शामिल हैं। मन्हास ने लिस्ट-ए में 130 और टी20 में 91 मैच खेले।
सम्बंधित ख़बरें
ICC T20 रैंकिंग में बड़ा उलटफेर: अभिषेक शर्मा को पछाड़कर नंबर वन बने ईशान किशन, बुमराह व गिल का भी जलवा
बारिश में धूल गया इंडिया vs इंग्लैंड T20 सीरीज का पहला मुकाबला, अभिषेक-अय्यर की मेहनत पर फिरा पानी!
Asian Games 2026: टीम इंडिया में चंडीगढ़ की इस जांबाज खिलाड़ी की एंट्री, भारत को करेगी रिप्रेजेंट!
Nitish Kumar Reddy Injury Update: क्या भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज खेल पाएंगे ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी?
रणजी ट्रॉफी और आईपीएल का अनुभव
मिथुन मन्हास ने 2007-08 सीजन में दिल्ली को रणजी ट्रॉफी जीत दिलाई। उस सीजन उन्होंने 921 रन बनाए थे। उन्होंने आईपीएल में दिल्ली डेयरवेल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स), पुणे वॉरियर्स इंडिया और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीम के लिए भी खेला। मन्हास दाएं हाथ के बैट्समैन रहे और जरूरत पड़ने पर आर्म-स्पिन गेंदबाजी करके टीम के लिए विकेट भी चटकाए।
भारतीय राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं
मिथुन मन्हास ने घरेलू क्रिकेट कई यादगार पारियां खेली, लेकिन वो अपने करियर के दौरान भारतीय टीम में जगह नहीं बना पाए। इसके पीछे का कारण उनके वक्त टीम इंडिया में मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजों की भरमार होना था। उस वक्त मिडिल ऑर्डर के लिए प्रतिस्पर्धा बहुत तेज थी। उनके समय में सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण और सौरव गांगुली जैसे दिग्गज इस स्थान पर खेल रहे थे।
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया ने दो बार चटाई धूल, फाइनल मैच में कैसी होगी पाकिस्तान की प्लेइंग 11?
ऐतिहासिक उपलब्धि
मिथुन मन्हास जम्मू-कश्मीर के पहले व्यक्ति हैं, जिन्होंने बीसीसीआई अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया। अब उनके नेतृत्व में भारतीय क्रिकेट प्रशासन में नई ऊर्जा और दिशा की उम्मीद की जा रही है।
