ईशान किशन (फोटो-सोशल मीडिया)
Focus on Making more Runs In Powerplay: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही। अब तक खेले गए दो मुकाबले में भारतीय टीम ने जीत हासिल कर ली है। अब भारतीय टीम की नजरें पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले पर टिकी हुई है। वो श्रीलंका में खेला जाएगा। जहां स्पिनरों को बहुत मदद मिलती है।
हालांकि, इस मैच से पहले भारतीय टीम ने नामीबिया को 93 रनों से हराकर बड़ी जीत हासिल कर ली। इस जीत में ईशान किशन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ईशान ने 20 गेंदों में अपना अर्धशतक बनाया। वहीं नामीबिया के खिलाफ ईशान ने 24 गेंदों का सामना करते हुए 61 रनों की पारी खेली। जिसमें 6 चौके और 5 छक्के लगाए। जिसके बदौलत भारतीय टीम ने 209 रन बनाए। जवाब में नामीबिया की टीम 116 रनों पर ही सिमट गई।
मैच खत्म होने के बाद ईशान किशन ने रिपोर्टर्स से कहा, “हम सभी अच्छी फॉर्म में हैं और कोशिश कर रहे हैं कि पावर प्ले का अधिकतम उपयोग किया जाए। हम जानते थे कि जब बॉल की स्विंग कम हो जाएगी, तो ओवर में अतिरिक्त रन बनाने का मौका मिलेगा। यही हमारा प्लान था, लेकिन हर मैच की परिस्थितियां अलग होती हैं। कल पाकिस्तान के खिलाफ गेम में परिस्थितियाँ अलग हो सकती हैं। इसलिए हमारे लिए यह जरूरी है कि हम विकेट, बॉलिंग और बॉलर के बारे में जल्दी से जल्दी अंदाजा लगा लें। अगर मुझे किसी सिंगल के लिए स्ट्राइक बदलनी पड़े, तो मैं वह भी करूंगा। पावर प्ले में अच्छी शुरुआत मिलने पर हमेशा उसे भुनाना चाहिए।”
यह भी पढ़ें: नामीबिया को रौंदने के बाद कप्तान सूर्या ने खोला दिल, भारतीय प्लेयर्स के साथ विपक्षी टीम की भी पीठ थपथपाई
ईशान ने कहा कि अब वे पहले की तुलना में अधिक परिपक्व हो गए हैं। पहले वे अधिकतर समय मजाक-मस्ती में व्यस्त रहते थे, लेकिन अब उनका पूरा ध्यान बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग पर है। मुख्य कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में वे अपने खेल को लगातार सुधार रहे हैं। साल 2026 ईशान के लिए खास रहा है। टीम में वापसी के बाद उन्होंने छह पारियों में कुल 296 रन बनाए, उनका औसत 49.33 और स्ट्राइक रेट 222.55 रहा। इस प्रदर्शन के दम पर वे भारत के सबसे प्रभावी बल्लेबाजों में उभरकर सामने आए हैं।