IPL 2026 के लिए एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम पूरी तरह तैयार, कर्नाटक सरकार को KSCA ने दी जानकारी
Karnataka State Cricket Association: केएससीए ने विशेषज्ञ समिति को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सुरक्षा और बुनियादी ढांचे में किए गए सुधारों की जानकारी दी। आईपीएल 2026 के उद्घाटन की तैयारियां शुरू की।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम (फोटो-सोशल मीडिया)
KSCA And Govt Review Security: कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के अधिकारियों ने शुक्रवार को राज्य सरकार द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति के साथ बैठक कर एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सुरक्षा उपायों और बुनियादी ढांचे के सुरक्षा और सुविधाओं में किए गए सुधारों की पूरी जानकारी दी। यह बैठक आईपीएल 2026 के आगमन से पहले की गई, ताकि आगामी मैचों का संचालन सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से किया जा सके।
राज्य सरकार ने 4 जून, 2025 को हुए भगदड़ की घटना के बाद महीनों से जारी अनिश्चितता को खत्म करते हुए हाल ही में स्टेडियम में आईपीएल मैच आयोजित करने की अनुमति दी। विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के अनुरूप, केएससीए ने स्टेडियम में किए गए सुरक्षा उपायों, बुनियादी ढांचे के उन्नयन और व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी दी।
28 मार्च को होगा उद्घाटन मुकाबला
मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) 28 मार्च को आईपीएल 2026 के उद्घाटन मैच में पूर्व चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी। इसके अलावा, आरसीबी उद्घाटन समारोह का आयोजन भी एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही करेगी। आरसीबी इस सत्र में स्टेडियम में पांच घरेलू मैच खेलेगी, जबकि शेष दो मैच रायपुर में आयोजित किए जाएंगे। आरसीबी और संबंधित परिचालन एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने आगामी मैचों के सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए अपनी तैयारियों और परिचालन योजनाओं की प्रस्तुति भी दी।
सम्बंधित ख़बरें
बीच IPL हैदराबाद ने वैभव सूर्यवंशी के दोस्त को टीम में किया शामिल, जानें कौन हैं आरएस अंबरीश
क्या GT के खिलाफ विराट कोहली ने ‘लांघी लक्षमण रेखा’? अंपायर से हुई तगड़ी बहस, भुगतना पड़ सकता है खामियाजा
GT vs RCB: अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस ने RCB को 4 विकेट से हराया, GT की जीत में गेंदबाजों ने निभाई अहम भूमिका
GT vs RCB: पाटीदार को आउट देने पर भड़के किंग कोहली, मैदान पर चौथे अंपायर से हुई जोरदार बहस, देखें वीडियो
KSCA के प्रवक्ता ने क्या कहा?
केएससीए के आधिकारिक प्रवक्ता विनय मृत्युंजय ने कहा, “बैठक रचनात्मक और सकारात्मक रही। विशेषज्ञ समिति ने केएससीए और आरसीबी द्वारा पेश किए गए सुरक्षा उपायों और संचालन योजनाओं की सराहना की। सभी हितधारकों ने मैचों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध तरीके से आयोजित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।”
यह भी पढ़ें: IPL 2026: ‘चलो कुछ नया करने की कोशिश करते हैं’, LSG के कप्तान ऋषभ पंत ने नए खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
16 मार्च को KSCA देगी आखिरी अपडेट
इस बैठक ने स्पष्ट कर दिया कि एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम अब आईपीएल 2026 के लिए पूरी तरह तैयार है। बेंगलुरु के क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह खुशखबरी है कि वे अपने घरेलू टीम के प्रदर्शन का रोमांच सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में देख पाएंगे। हालांकि, क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले पर कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ की और से और अपडेट सोमवार 16 मार्च तक आएंगी। जिससे यह साफ हो जाएगा कि आईपीएल की मेजबानी करने के लिए चिन्नास्वामी स्टेडियम पूरी तरह से तैयार है।
