
सलमान अली आगा (फोटो-सोशल मीडिया)
Pakistan Team follow Government Instructions: पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने स्पष्ट किया है कि भारत के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप मैच का बहिष्कार करने का फैसला पाकिस्तान सरकार का है और इस पर टीम या क्रिकेट बोर्ड का कोई नियंत्रण नहीं है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी और टीम मैनेजमेंट सरकार के फैसले का सम्मान करेंगे और उसी के अनुसार आगे बढ़ेंगे।
कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सलमान अली आगा ने कहा कि भारत के खिलाफ मैच हमारे नियंत्रण में नहीं है। यह सरकार का फैसला है और हम उसका सम्मान करते हैं। सरकार जो भी कहेगी, हम वही करेंगे। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान टी20 विश्व कप ग्रुप मुकाबले का बहिष्कार करने की घोषणा की है। हालांकि, पाकिस्तानी सरकार ने 7 फरवरी से शुरू हो रहे टूर्नामेंट में राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को मंजूरी दे दी है।
सलमान ने यह भी साफ किया कि यदि दोनों टीमें सेमीफाइनल या फाइनल में आमने-सामने आती हैं, तब भी अंतिम फैसला सरकार के निर्देश पर ही लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर नॉकआउट में भारत से मुकाबला होता है, तो हमें फिर से सरकार से सलाह लेनी होगी और उसी के अनुसार फैसला लिया जाएगा।
पाकिस्तान सरकार की ओर से आधिकारिक बयान में कहा गया है कि भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के विरोध में एक राजनीतिक कदम है। सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार किया था, जिसके बाद आईसीसी ने उनके श्रीलंका में मैच कराने के अनुरोध को खारिज कर दिया और उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया।
सलमान अली आगा ने बांग्लादेश के बाहर होने पर दुख जताते हुए कहा कि वे हमारे भाई हैं। उनका टूर्नामेंट में न होना दुखद है। हमें उम्मीद है कि वे बाहर से हमारा समर्थन करेंगे। पिछले टी20 विश्व कप में अमेरिका के खिलाफ हार को लेकर पूछे गए सवाल पर सलमान ने कहा कि वह अब बीते हुए अध्याय हैं। यह एक नया विश्व कप है, नई टीम और नया संयोजन है। हम इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं। कप्तान के तौर पर यह मेरा पहला विश्व कप है और मैं टीम के साथ आगे बढ़कर नेतृत्व करना चाहता हूं।
यह भी पढ़ें: ‘हमने मना नहीं किया’, पाकिस्तान के साथ दो-दो हाथ का इंतजार कर रहे सूर्यकुमार, तय शेड्यूल पर जाएंगे कोलंबो
उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में घरेलू सीरीज में 3-0 की जीत से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है। एशिया कप के बाद हमने लगातार अच्छा क्रिकेट खेला है। पिछली विफलताएं इतिहास हैं, हमने उनसे सीखा है। सलमान ने श्रीलंका को पाकिस्तान का “दूसरा घर” बताते हुए कहा कि मौसम जैसी चुनौतियों के बावजूद टीम का फोकस सिर्फ अच्छा क्रिकेट खेलने पर है। मौसम हमारे हाथ में नहीं है, लेकिन चुनौतियों से निपटने के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं।
भारत के खिलाफ मैच न खेलने के फैसले के बाद पाकिस्तान के लिए नॉकआउट में पहुंचने की राह मुश्किल जरूर हो गई है, लेकिन कप्तान का कहना है कि टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ टूर्नामेंट में उतरी है और बेहतर प्रदर्शन करने को तैयार है।






