T20 World Cup 2026: शहबाज के मुरीद हुए बांग्लादेशी खेल सलाहकार, भारत के खिलाफ समर्थन के लिए कहा- शुक्रिया

Asif Nazrul: टी20 विश्व कप विवाद के बीच बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने भारत के खिलाफ मैच बहिष्कार पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का आभार जताया।
Bangladesh sports adviser Asif Nazrul hails Pakistan PM
आसिफ नजरुल (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bangladesh sports adviser Asif Nazrul hails Pakistan PM: टी20 विश्व कप को लेकर चल रहे घटनाक्रम के बीच बांग्लादेश के युवा एवं खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का आभार जताया है। शहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान की ओर से भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला बांग्लादेश के समर्थन में लिया गया है।

गुरुवार को फेसबुक पर पोस्ट साझा करते हुए आसिफ नजरुल ने कहा कि पाकिस्तान का यह फैसला बांग्लादेश को हटाए जाने के विरोध में है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “धन्यवाद, पाकिस्तान।” उन्होंने बुधवार को इस्लामाबाद में पाकिस्तान की कैबिनेट की बैठक के दौरान शरीफ द्वारा की गई टिप्पणियों का भी हवाला दिया, जिसमें उन्होंने बहिष्कार के पीछे का कारण बताया था।

पाकिस्तान ने बांग्लादेश के चलते भारत के मैच का किया बहिष्कार

उन्होंने कहा, "पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ ने कहा कि उनके देश ने टी20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश को हटाने के विरोध में भारत के साथ मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है। उन्होंने बुधवार को कैबिनेट सदस्यों से कहा कि हम भारत के खिलाफ़ मैच नहीं खेलेंगे क्योंकि खेल के मैदान पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। हमने यह फैसला बहुत सोच-समझकर लिया है। हमें पूरी तरह से बांग्लादेश के साथ खड़ा होना चाहिए। मुझे लगता है कि यह बहुत सही फैसला है।"

आईसीसी ने पाकिस्तान को दी चेतावनी

इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने घोषणा की थी कि उसकी राष्ट्रीय क्रिकेट टीम 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत के खिलाफ होने वाला टी20 विश्व कप का ग्रुप मैच नहीं खेलेगी। पाकिस्तान के इस फैसले पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी आईसीसी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। रविवार को जारी बयान में आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से आपसी सहमति से समाधान निकालने को कहा और चेतावनी दी कि चुनिंदा मैच खेलने का रवैया वैश्विक प्रतियोगिता की भावना के खिलाफ है।

आईसीसी ने कहा कि जब तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से आधिकारिक जानकारी नहीं मिलती, तब तक इस तरह से चयनात्मक हिस्सा लेना गलत है। ये उस वैश्विक टूर्नामेंट की मूल भावना से मेल नहीं खाता, जहां सभी योग्य टीमों से तय कार्यक्रम के अनुसार खेलने की उम्मीद की जाती है। आईसीसी ने यह भी कहा कि पाकिस्तान को अपने देश में क्रिकेट के भविष्य और वैश्विक क्रिकेट व्यवस्था पर इसके लंबे समय के प्रभाव को गंभीरता से समझना चाहिए।

बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को किया गया शामिल

गौरतलब है कि बांग्लादेश सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपनी टीम को भारत भेजने की अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद टी20 विश्व कप में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। बांग्लादेश ने अपने मैच श्रीलंका में कराने का अनुरोध किया था, लेकिन आईसीसी ने उस प्रस्ताव को खारिज कर दिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com