हरभजन सिंह ने डिप्टी CM एकनाथ शिंदे से की मुलाकात, युवा खिलाड़ियों को बढ़ावा देने पर दिया जोर

Eknath Shinde Meets Harbhajan Singh: राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने ठाणे में डिप्टी CM एकनाथ शिंदे से मुलाकात कर युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की।
हरभजन सिंह ने डिप्टी CM एकनाथ शिंदे से की मुलाकात, युवा खिलाड़ियों को बढ़ावा देने पर दिया जोर
हरभजन सिंह और एकनाथ शिंदे (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Eknath Shinde Meets Harbhajan Singh: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज स्पिनर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से उनके ठाणे स्थित आवास पर मुलाकात की। यह मुलाकात 'क्रीड़ा संग्राम' टूर्नामेंट के अवसर पर हुई, जिसमें हरभजन सिंह बतौर अतिथि शामिल होने के लिए ठाणे पहुंचे थे।

मुलाकात के दौरान, हरभजन सिंह और उपमुख्यमंत्री शिंदे के बीच राज्य में युवा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण प्रदान करने के उपायों पर गहन चर्चा हुई। हरभजन ने इस बात पर जोर दिया कि जिले में खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

खेल विकास के लिए हरभजन का दृष्टिकोण

एक सांसद के रूप में हरभजन सिंह अपने गृह राज्य पंजाब के साथ-साथ पूरे देश में खेल के विकास की वकालत करते रहे हैं। वह सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि अन्य खेलों के खिलाड़ियों को भी उनके क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। इस मुलाकात को इसी व्यापक दृष्टिकोण का हिस्सा माना जा रहा है। महाराष्ट्र को भारत में क्रिकेट का गढ़ माना जाता है, जहां मुंबई, विदर्भ और महाराष्ट्र की तीन मजबूत टीमें घरेलू क्रिकेट में सक्रिय हैं। ऐसे में ठाणे जैसे शहर में खेल सुविधाओं को बढ़ाने से युवा प्रतिभाओं के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी।

हरभजन सिंह का शानदार क्रिकेट करियर

हरभजन सिंह भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक हैं। 45 वर्षीय इस खिलाड़ी ने 1998 से 2016 के बीच भारत के लिए 103 टेस्ट, 236 वनडे और 28 टी20 मैच खेले। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 417 विकेट, वनडे में 269 और टी20 में 25 विकेट दर्ज हैं। गेंदबाजी के अलावा, वह निचले क्रम के एक आक्रामक बल्लेबाज भी थे।

टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने दो शानदार शतक और 9 अर्धशतक की मदद से 2,225 रन बनाए। वहीं, वनडे में उनके नाम 1,237 रन दर्ज हैं। हरभजन की सबसे बड़ी उपलब्धि टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बनना है, जो उन्होंने 2001 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हासिल की थी।

वह भारतीय क्रिकेट के स्वर्णिम दौर का हिस्सा रहे, जब भारत ने 2007 का टी20 विश्व कप और 2011 का वनडे विश्व कप जीता था। हरभजन दोनों ही विश्व कप विजेता टीमों के महत्वपूर्ण सदस्य थे। संन्यास के बाद भी हरभजन सिंह राजनीति और क्रिकेट दोनों ही क्षेत्रों में सक्रिय हैं। वह राज्यसभा सांसद के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे हैं और साथ ही प्रमुख क्रिकेट प्रतियोगिताओं और आईपीएल में एक कमेंटेटर के तौर पर भी नजर आते हैं। (आईएएनएस)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com