

Ajit Agarkar's Contract Extended: बीसीसीआई ने एशिया कप में टीम चयन के बाद एक बड़ा फैसला लिया है। भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर को इनाम मिला है। बीसीसीआई ने अजीत अगरकर का कार्यकाल बढ़ा दिया है। अजीत अगरकर का कार्यकाल जून 2026 तक बढ़ा दिया है।
भारत के पूर्व तेज तेज गेंदबाज अजीत अगरकर को बीसीसीआई ने आईपीएल 2025 के पहले कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाने का फैसला किया था। जो उन्होंने एशिया कप के टीम चयन के बाद स्वीकार कर लिया है। अब वो इस पद पर जून 2026 तक बने रहेंगे।
अगरकर को 2023 में चयन समिति का प्रमुख नियुक्त किया गया था और उनके कार्यकाल के दौरान भारतीय पुरुष टीम ने 2024 आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतकर आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को समाप्त किया। इस साल की शुरुआत में उन्होंने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती और 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में भी जगह बनाई, जहां भारतीय टीम उपविजेता रही।
इसके अलावा, उन्होंने टेस्ट टीम के सफल बदलाव की भी देखरेख की है। पिछले 9 महीनों में तीन दिग्गज क्रिकेटरों ने संन्यास ले लिया है, जिनमें रविचंद्रन अश्विन, रोहित शर्मा और विराट कोहली शामिल हैं। उनकी अनुपस्थिति में शुभमन गिल के रूप में नए कप्तान के नेतृत्व में भारत ने इंग्लैंड में पांच मैचों की सीरीज ड्रॉ कराई।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक बीसीसीआई के एक अधिकारी ने बताया कि अजीत अगरकर के कार्यकाल में भारतीय टीम ने खिताब जीते और बदलाव भी देशा। बीसीसीआई ने उनका कॉन्ट्रैक्ट जून 2026 तक बढ़ा दिया है। जिसे उन्होंने अब स्वीकार कर लिया है।
बीसीसीआई अजीत अगरकर की चयन कमिटी से काफी हद तक संतुष्ट है। अगरकर की चयन कमिटी में एसएस दास, सुब्रतो बनर्जी, अजय रात्रा और एस शरथ मौजूद हैं। हालांकि इसके अलावा बोर्ड एक नए चेहरे को जोड़ने को लेकर भी उत्सुक है। बीसीसीआई सितंबर में होने वाली वार्षिक आम सभा की बैठक में एक बदलाव कर सकती है। एस शरथ की जगह एक नए सदस्य को नियुक्त किए जाने की संभावना है।