आकिब नबी का मिशन टीम इंडिया शुरू! रणजी में दमदार खेल के बाद BCCI की नजरें, क्या जल्द मिलेगी बड़ी खुशखबरी?

Aquib Nabi: जम्मू कश्मीर एक्सप्रेस आकिब नबी रणजी सीजन में 60 विकेट लेकर छा गए हैं और अब टीम इंडिया में उनकी एंट्री की चर्चा तेज है। उनकी संभावित चयन पर बीसीसीआई का रुख सामने आया है।
Jammu and Kashmir cricketer Aaqib Nabi
आकिब नबी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Aquib Nabi in Indian Cricket Team: जम्मू कश्मीर के स्टार तेज गेंदबाज आकिब नबी इन दिनों अपने शानदार प्रदर्शन के चलते सुर्खियों में हैं। रणजी ट्रॉफी 2025-26 में उनकी घातक गेंदबाजी ने न केवल विरोधी टीमों को परेशान किया, बल्कि जम्मू कश्मीर को 67 साल के इतिहास में पहली बार चैंपियन भी बनाया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद आकिब ने टीम इंडिया में जगह बनाने की दावेदारी मजबूत कर दी है। अब वह आईपीएल में भी अपना दम दिखाने के लिए तैयार हैं, जिससे उनकी राष्ट्रीय टीम में एंट्री की संभावनाएं और बढ़ गई हैं।

बीसीसीआई ने दिया बड़ा संकेत

आकिब नबी के चयन को लेकर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने सकारात्मक संकेत दिए हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने युवा तेज गेंदबाज की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि “आकिब नबी ने रणजी में शानदार खेल दिखाया है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उनकी शानदार स्पेल के दम पर ही टीम ने फाइनल में जीत हासिल की है। बीसीसीआई ने एक ऐसा स्टेज बनाया है जो बड़े टैलेंट वाले खिलाड़ियों के साथ नाइंसाफी नहीं होने देगा। रणजी के फाइनल में भी चयनकर्ता मौजूद थे और उन्होंने अपनी जॉब अच्छे से की होगी।” सैकिया के इस बयान से साफ है कि चयनकर्ता आकिब के प्रदर्शन पर नजर बनाए हुए हैं और भविष्य में उन्हें मौका मिल सकता है।

एक सीजन में 60 विकेट का ऐतिहासिक कारनामा

रणजी ट्रॉफी 2025-26 में आकिब नबी ने 60 विकेट लेकर इतिहास रच दिया। वह इस सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उनकी गेंदबाजी में गति, स्विंग और सटीकता का शानदार मिश्रण देखने को मिला। पिछले दो सीजन में वह कुल 104 विकेट अपने नाम कर चुके हैं, जो उनकी निरंतरता को दर्शाता है।

29 वर्षीय आकिब नबी की मेहनत और प्रदर्शन ने क्रिकेट विशेषज्ञों का ध्यान खींचा है। कई पूर्व खिलाड़ी मानते हैं कि वह जल्द ही टीम इंडिया की जर्सी में नजर आ सकते हैं। जिस तरह उन्होंने बड़े मुकाबलों में दबाव के बीच विकेट निकाले, उससे उनकी मानसिक मजबूती भी साबित होती है। अब सबकी निगाहें आईपीएल पर टिकी हैं, जहां आकिब को खुद को और साबित करने का मौका मिलेगा। अगर वह वहां भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हैं, तो टीम इंडिया का दरवाजा उनके लिए खुल सकता है। बीसीसीआई के संकेतों और चयनकर्ताओं की मौजूदगी ने यह उम्मीद और मजबूत कर दी है कि जम्मू कश्मीर एक्सप्रेस जल्द ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर दौड़ती नजर आ सकती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com