जसप्रीत बुमराह पर सबकी निगाहें, 500 इंटरनेशनल विकेट से बस चंद कदम दूर, फिर हो जाएंगे इस खास क्लब में शामिल

Jasprit Bumrah Record: 5 मार्च को भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरे सेमीफाइनल में जसप्रीत बुमराह के पास इंटरनेशनल क्रिकेट में 500 विकेट पूरे करने का सुनहरा मौका होगा।
Jasprit Bumrah International Wickets Records
जसप्रीत बुमराह (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Jasprit Bumrah has 499 international Wickets: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें इस मुकाबले को जीतकर फाइनल में जगह पक्की करना चाहेंगी। इस हाई वोल्टेज मैच में टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के पास खास उपलब्धि हासिल करने का अवसर है। अगर वह इस मैच में एक विकेट ले लेते हैं तो इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 500 विकेट पूरे कर लेंगे। अब तक केवल सात भारतीय गेंदबाज ही इस आंकड़े तक पहुंच पाए हैं।

इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के सबसे सफल गेंदबाज

भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अनिल कुंबले के नाम है। उन्होंने 1990 से 2008 के बीच 403 मैचों में 956 विकेट चटकाए। रविचंद्रन अश्विन ने 287 मुकाबलों में 765 विकेट हासिल किए, जबकि हरभजन सिंह ने 717 विकेट अपने नाम किए। महान ऑलराउंडर कपिल देव ने 687 विकेट लिए। रवींद्र जडेजा ने 2009 से अब तक 373 इंटरनेशनल मैचों में 634 विकेट झटके हैं। जहीर खान ने 2000 से 2014 के बीच 309 मैचों में 610 विकेट लिए। वहीं जवागल श्रीनाथ ने 1991 से 2003 के दौरान 296 मुकाबलों में 551 विकेट हासिल किए। अब जसप्रीत बुमराह इस विशिष्ट क्लब में शामिल होने की दहलीज पर खड़े हैं।

बुमराह के इंटरनेशनल आंकड़े

जसप्रीत बुमराह ने टेस्ट क्रिकेट में 52 मैचों की 99 पारियों में 234 विकेट हासिल किए हैं। वनडे में उन्होंने 89 मुकाबलों में 149 विकेट झटके हैं। टी20 इंटरनेशनल में 93 मैच खेलते हुए वह 116 विकेट ले चुके हैं। इस तरह वह अब तक कुल 499 इंटरनेशनल विकेट हासिल कर चुके हैं। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में एक विकेट उन्हें 500 के आंकड़े तक पहुंचा देगा।

टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों का प्रदर्शन

मौजूदा टूर्नामेंट में इंग्लैंड की टीम अब तक अजेय रही है। उसने खेले गए सभी मुकाबलों में जीत दर्ज की है। दूसरी ओर टीम इंडिया को सिर्फ एक हार साउथ अफ्रीका के खिलाफ झेलनी पड़ी। इसके अलावा भारत ने अपने सभी मैच जीते हैं। सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com