AUS vs ENG: गाबा टेस्ट से पहले इंग्लैंड की चिंता बढ़ी! घुटने की चोट के चलते स्टार तेज गेंदबाज बाहर

Mark Wood: एशेज में ऑस्ट्रेलिया 1-0 से आगे है और इंग्लैंड दूसरे मैच से पहले बड़े झटके में आ गया है। टीम का स्टार तेज गेंदबाज चोट के कारण बाहर हो गया, जिससे इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
AUS vs ENG: गाबा टेस्ट से पहले इंग्लैंड की चिंता बढ़ी! घुटने की चोट के चलते स्टार तेज गेंदबाज मार्क वुड हुए बाहर
मार्क वुड (सौजन्यः एक्स)
Published on
Updated on

Australia vs England: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का दूसरा मुकाबला 4 दिसंबर से गाबा में खेला जाना है। यह मैच पिंक गेंद से खेला जाएगा, लेकिन इससे पहले इंग्लैंड को एक ऐसा झटका लगा है जिसने टीम मैनेजमेंट की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। टीम के तेज गेंदबाज मार्क वुड इस डे-नाइट टेस्ट से बाहर हो गए हैं। वुड की गैरमौजूदगी इंग्लैंड के लिए बड़ा नुकसान मानी जा रही है, क्योंकि लंबे समय बाद उनकी टीम में वापसी हुई थी और तेज गेंदबाजी आक्रमण में उनका अनुभव काफी अहम माना जाता है।

मार्क वुड की गैरमौजूदगी से बढ़ी चिंता

पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट से पहले मार्क वुड लगभग 9 महीने इंजरी के चलते मैदान से दूर रहे थे। उनकी वापसी इंग्लैंड के लिए बड़ी राहत थी, लेकिन अब दूसरे टेस्ट से उनका बाहर होना टीम की योजनाओं में बदलाव ला सकता है। ऐसे में इंग्लैंड की ओर से जोश टंग को मौका मिलने की संभावना है। टीम मैनेजमेंट वुड का रिप्लेसमेंट सावधानी से चुनना चाहेगा, क्योंकि सीरीज में इंग्लैंड पहले ही 0-1 से पीछे है और दूसरे मैच को जीतना बेहद जरूरी है। वुड ने पहले टेस्ट में खास प्रदर्शन नहीं किया था। पर्थ मैच की पहली पारी में वह एक भी विकेट नहीं ले सके और दूसरी पारी में भी विकेट से दूर रहे। इसके बावजूद उनकी गेंदबाजी स्पीड और पुराने अनुभव को देखते हुए उनकी मौजूदगी इंग्लैंड की योजनाओं का आवश्यक हिस्सा थी।

इंग्लैंड की हार और ऑस्ट्रेलिया का दबदबा

एशेज का पहला मुकाबला पर्थ में खेला गया था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने शानदार खेल दिखाते हुए महज दो दिनों में ही मैच जीत लिया था। इंग्लैंड ने पहली पारी में 172 रन बनाए थे, जबकि ऑस्ट्रेलिया 132 पर सिमट गई थी। पहली पारी में इंग्लैंड को 40 रनों की बढ़त मिली, लेकिन दूसरी पारी में वे सिर्फ 164 रन ही जोड़ सके। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 205/2 का स्कोर बनाकर मैच 8 विकेट से जीत लिया और सीरीज में बढ़त हासिल की।

मार्क वुड के आंकड़ें

मार्क वुड इंग्लैंड के प्रमुख तेज गेंदबाजों में से एक हैं। उन्होंने अब तक 38 टेस्ट मैचों में 119 विकेट अपने नाम किए हैं। इसके अलावा 70 वनडे मुकाबलों में वुड 80 विकेट झटक चुके हैं, जबकि 38 टी20 मैचों में उनके नाम 54 विकेट दर्ज हैं। तेज रफ्तार के लिए मशहूर वुड इंग्लैंड की गेंदबाजी यूनिट के लिए हमेशा महत्वपूर्ण रहे हैं और उनकी फिटनेस टीम की सफलता में बड़ा फैक्टर मानी जाती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com