आज का इतिहास (डिजाइन फोटो)
नवभारत डेस्क: देश के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास के रजत पटल पर 29 मार्च का दिन की स्वर्णिम रौशनाई से अंकित है। क्योंकि यही वह दिन है जब 1857 में मंगल पांडे ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह की मशाल को चिंगारी दिखा दी थी। वहीं चिंगारी देखते ही देखते पूरे देश में आजादी की ज्वाला में बदल गई। जिसे दबाने के लिए अंग्रेज हुक्मरान ने अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया था।
34वीं बंगाल नेटिव इन्फैंट्री के मंगल पांडे ने बंगाल के बैरकपुर छावनी के परेड ग्राउंड में दो ब्रिटिश अफसरों पर हमला किया था। 7 अप्रैल 1857 को ब्रिटिश सरकार ने मंगल पांडे को फांसी की सजा सुनाई थी। जब स्थानीय जल्लादों ने मंगल पांडे को फांसी देने से इनकार कर दिया तो कोलकाता से चार जल्लादों को बुलाया गया और देश के इस वीर सिपाही को फांसी पर लटका दिया गया।
देश-दुनिया के इतिहास में 29 मार्च की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है…
1807 : जर्मनी के खगोलविद् विल्हेम ओल्बर्स ने एक छोटा सा ग्रह वेस्ता खोजा। इसे आसमान का सबसे चमकदार छोटा तारा कहा गया।
1849 : महाराजा दलीप सिंह ने अपने दिवंगत पिता रणजीत सिंह का सिंहासन छोड़ दिया और पंजाब पर ईस्ट इंडिया कंपनी का कब्जा हो गया।
1857 : कलकत्ता के निकट बैरकपुर में मंगल पांडे ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ विद्रोह का बिगुल फूंका।
1859 : बहादुर शाह जफर द्वितीय को 1857 की क्रांति में भागीदारी का दोषी पाया गया और अंग्रेज सरकार ने उन्हें देश निकाला देकर रंगून (अब यांगून) भेज दिया।
1954 : राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय (नेशनल गैलरी आफ मॉडर्न आर्ट) का दिल्ली में शुभारंभ।
नवभारत विशेष से जुड़े सभी रोचक आर्टिकल्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
1999 : उत्तर प्रदेश के कुमायूं और चमोली (अब उत्तराखंड) में आधी रात के ठीक बाद आए 6.8 तीव्रता के भूकंप में 100 से ज्यादा लोगों की मौत।
2002 : दिल्ली और बीजिंग के बीच सीधी वाणिज्यिक उड़ान सेवा फिर से शुरू।
2020 : देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1000 के पार।
2024: भारतीय नौसेना ने ‘‘बंधक’’ बनाए गए मछली पकड़ने वाले ईरानी पोत और उसके चालक दल के सदस्य के रूप में कार्यरत 23 पाकिस्तानी नागरिकों को समुद्री लुटेरों के खिलाफ 12 घंटे से अधिक चले अभियान के बाद छुड़ा लिया।