आपदा में ऐशो-आराम की बातें! बाढ़ देखने गए मंत्रियों को याद आया स्वीडन-गोवा; VIDEO ने मचाया हंगामा
Punjab Floods पंजाब में इस समय बाढ़ से भीषण तबाही मचा रखी है। इसी बीच आप सरकार के तीन मंत्रियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह आपदा क्षेत्र के दौरे पर ऐशो आराम की यादें ताजा की।
- Written By: सौरभ शर्मा
बाढ़ का जायजा लेते पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री (फोटो- सोशल मीडिया)
Punjab Floods AAP Govt Ministers Viral Video: पंजाब इस समय भीषण बाढ़ की त्रासदी झेल रहा है, जहां खेत बर्बाद हो गए हैं और हजारों परिवार सड़कों पर आ गए हैं। इस आपदा के बीच राज्य के तीन मंत्रियों का एक वीडियो सामने आया है, जिसने बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। वीडियो में मंत्री बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा करते समय नाव पर बैठकर स्वीडन और गोवा की अपनी लक्जरी क्रूज यात्राओं की चर्चा करते हुए सुने जा सकते हैं। इस असंवेदनशील बातचीत ने विपक्ष को भगवंत मान सरकार पर हमला करने का बड़ा मौका दे दिया है।
यह वीडियो क्लिप तरनतारन जिले की है, जहां कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह, बरिंदर कुमार गोयल और लालजीत सिंह भुल्लर बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में मंत्री हरभजन सिंह यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, “मैं स्वीडन में एक क्रूज पर गया था। जहाज पर ही होटल वगैरह सब कुछ था।” इस पर जल संसाधन मंत्री बरिंदर गोयल जवाब देते हैं कि गोवा में भी ऐसा ही होता है। यह बातचीत उस समय हो रही थी जब उनके चारों ओर बाढ़ का पानी फैला हुआ था।
पंजाब डूब चुका है, खेत बर्बाद, घर तबाह, परिवार सड़कों पर हैं। लेकिन इन हालातों में भी मंत्री जी नाव पर बैठकर बाढ़ पीड़ितों का दर्द बाँटने की बजाय स्वीडन-गोवा की क्रूज़ की बातें कर रहे हैं! जनता पूछ रही है, क्या पंजाब ने आपको सत्ता इसलिए दी थी कि संकट की घड़ी में ऐशो-आराम के… pic.twitter.com/tjlVSdgty8 — Tarun Chugh (@tarunchughbjp) August 28, 2025
सम्बंधित ख़बरें
Viral Video: भीषण गर्मी में दुकानदार ने खोले दरवाजे, आवारा कुत्तों को दी ठंडी जगह
पैरेंट्स को ‘SHUT UP’ बोलने वाली प्रिंसिपल ने तोड़ी चुप्पी, कहा कि 3 घंटे पहले जो हुआ वो किसी ने नहीं देखा
MP के कटनी में मानवता शर्मसार, मौत से जूझ रहा था पति; एंबुलेंस कर्मी ने बेबस पत्नी से धुलवाई गाड़ी- VIDEO
अफसर ने मांगा बीमारी का सबूत, ड्रिप की बोतल लेकर आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची सेविका; वीडियो देख दहल जाएगा दिल
आपदा में ऐशो-आराम की यादें!
भाजपा नेता तरुण चुघ ने इस वीडियो को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर सबसे तीखा हमला बोला है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘पंजाब डूब चुका है, खेत बर्बाद, घर तबाह, परिवार सड़कों पर हैं। लेकिन इन हालातों में भी मंत्री जी नाव पर बैठकर बाढ़ पीड़ितों का दर्द बांटने की बजाय स्वीडन-गोवा की क्रूज की बातें कर रहे हैं।’ चुघ ने सवाल उठाया कि क्या जनता ने सरकार को इसलिए चुना था कि वे संकट की घड़ी में अपने ऐशो-आराम के किस्से सुनाएं? उन्होंने इन मंत्रियों को पंजाब की बर्बादी का सबसे बड़ा गुनहगार बताया।
यह भी पढ़ें: ‘कोई स्थायी दोस्त या दुश्मन नहीं होता’, केवल हित सर्वोपरि; राजनाथ सिंह ने दुनिया को दिया बड़ा संदेश
कांग्रेस ने भी सरकार को घेरा
विपक्ष के नेता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “पंजाब में बाढ़ प्रभावित परिवार पीने के पानी के एक गिलास के लिए तरस रहे हैं, लेकिन ‘आप’ के मंत्रियों को स्वीडन और गोवा में लक्जरी क्रूज की अपनी ‘सुनहरी यादों’ को ताजा करने का समय मिल गया।” पंजाब के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं और 7,600 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। ऐसे समय में मंत्रियों की यह बातचीत उनकी प्राथमिकता और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े करती है, मंत्रियों की वायरल इस बातचीत को लेकर भगवंत मान सरकार हर तरफ से घिर गई है।
