अमित शाह का दांव-पेंच तमिलनाडु में शुरू, चुनाव से ठीक पहले NDA में शामिल हुई PMK

Tamilnadu Politics: तमिलनाडु में NDA का नेतृत्व अन्नाद्रमुक कर रही। डॉ. अंबुमणि पलानीसामी के घर जाकर मिले और औपचारिक रूप से गठबंधन में शामिल होने की घोषणा की। गठबंधन में भाजपा भी है।
Amit Shah maneuvering begins in Tamil Nadu, PMK joins NDA ahead of elections
एनडीए में शामिल होने की औपचारिकता पूरी करते डॉ. अंबुमणि रामदॉस। इमेज-सोशल मीडिया
Updated on

Tamilnadu Assembly Elections: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव से पहले खुद को और मजबूत किया है। एनडीए में पट्टालि मक्कल काची (पीएमके) का डॉ. अंबुमणि रामदॉस गुट शामिल हो गया है। राज्य में मार्च-अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने हैं। गुट ने एनडीए में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के प्रमुख ई. पलानीसामी से मिलने के बाद बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल होने का फैसला लिया। गौरतलब है कि 4 जनवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तमिलगम थलाई निमिरा तमिलनिन पायनम यात्रा के समापन समारोह में कहा था कि 2026 में तमिलनाडु में एनडीए की सरकार बनने जा रही है।

तमिलनाडु में एनडीए का नेतृत्व अन्नाद्रमुक कर रही है। डॉ. अंबुमणि ने पलानीसामी के घर जाकर उनसे मुलाकात कर औपचारिक रूप से गठबंधन में शामिल होने की घोषणा की। इस गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी (BJP) भी है। पलानीसामी ने कहा कि पट्टाली मक्कल काची (PMK) हमारे गठबंधन में शामिल हो गई है। जल्द और पार्टियां इसमें जुड़ेंगी। उन्होंने कहा कि पीएमके को कितनी सीट मिलेंगी, उसका फैसला हो चुका है। इसकी जानकारी जल्द दी जाएगी।

द्रमुक के खिलाफ सत्ता-विरोधी लहर मजबूत

डॉ. अंबुमणि ने कहा कि उन्होंने जनविरोधी द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार को हराने के लिए एनडीए में शामिल होने का फैसला लिया है। हम तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे और हम निसंदेह सत्ता में आएंगे। जनता सत्ताधारी दल द्रमुक से बहुत नाराज है। हमारा गठबंधन भारी बहुमत से सत्ता में आएगा। अंबुमणि ने कहा कि अन्नाद्रमुक के साथ हमारा गठबंधन स्वाभाविक है। द्रमुक के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर मजबूत है।

लोकसभा चुनाव में भी NDA का हिस्सा थी PMK

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बताया कि द्रमुक ने तमिलनाडु में पिछले चुनाव (2019 और 2014 के लोकसभा चुनावों समेत) जीते, क्योंकि विपक्ष बिखरा था। अब हमारे पास अन्नाद्रमुक के नेतृत्व में मजबूत विपक्ष है। हमसे अधिक पार्टियां जुड़ेंगी। पीएमके इस समय दो धड़ों में बंटी है। उसमें से एक धड़ा इसके संस्थापक डॉ. एस. रामदॉस, जबकि दूसरा उनके बेटे डॉ. अंबुमणि का है। दोनों के बीच लंबे समय से नेतृत्व को लेकर मतभेद जारी है। पीएमके लोकसभा चुनाव में भी एनडीए का हिस्सा थी। तमिलनाडु में 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए मार्च-अप्रैल में चुनाव होने की संभावना है।

Navbharat Live
navbharatlive.com