एक्टर विजय की रैली में फिर एक शख्स की मौत... AIADMK बोली- TVK की रैली में आने वाले ताबूत साथ लेकर आएं

Actor Vijay Rally News : अभिनेता से नेता बने विजय की रैली में आज एक शख्स की मौत हो गई। इसका कारण प्रशंसक के शरीर में पानी की कमी बताई जा रही है। इसके पहले एक रैली में 41 लोगों की जान चली गई थी।
Man dies at actor Vijay rally, AIADMK says bring coffin
रैली को संबोधित करते विजय। इमेज-सोशल मीडिया
Updated on

Man Dies At Actor Vijay Rally : दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार से राजनेता बने थलापति विजय की राजनीतिक पारी शुरू होते विवादों और हादसों के साये में आ गई है। तमिलनाडु के सलेम में आज उनकी पार्टी तमिझागा वेत्री कड़गम (TVK) की रैली के दौरान एक और दुखद घटना घटी। महाराष्ट्र से विजय की एक झलक पाने आए 37 वर्षीय सूरज नाम के युवक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर रैलियों में सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सलेम में आयोजित इस विशाल जनसभा में हजारों की भीड़ उमड़ी थी। महाराष्ट्र के रहने वाले सूरज रैली स्थल पर पीछे की ओर खड़े थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि सूरज पहले से ही दिल के मरीज थे और पिछले साल ही उनके दिल में स्टेंट डाला गया था। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस मौत का रैली के इंतजामों से सीधा संबंध नहीं है।

सियासी वार-पलटवार

इस घटना पर तमिलनाडु की राजनीति में भूचाल आ गया है। विपक्षी दल AIADMK के प्रवक्ता कोवई सत्यन ने बेहद तीखा हमला करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि भविष्य में विजय की रैली में आने वालों को अपने साथ ताबूत भी लेकर आना चाहिए। वहीं, सत्ताधारी डीएमके ने थलापति विजय के अनुभव पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना किसी जमीनी आंदोलन के वे सीधे मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं।

पुरानी यादें और TVK की सफाई

विजय की पार्टी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि रैली में भगदड़ जैसी कोई स्थिति नहीं थी और हर कोने पर मेडिकल कैंप मौजूद थे। वैसे, आलोचक पिछले साल सितंबर में करूर की रैली का हवाला दे रहे, जहां मची भगदड़ में 41 लोगों की जान चली गई थी। उस मामले की जांच अब सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई (CBI) को सौंप दी है। लगातार होते ये हादसे विजय की राजनीतिक साख के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com