आंध्र प्रदेश ग्रेनाइट खदान हादसा, सीएम माझी ने की राहत की घोषणा, मिलेंगे 4 लाख

Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के बापटला जिले में रविवार को ग्रेनाइट की खदान में बड़ा हादसा हो गया। एक भारी चट्टान के गिरने से ओडिशा के छह प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई जबकि कम से कम तीन अन्य घायल हो गए।
andhra pradesh news
प्रतीकात्मक तस्वीर, फोटो: सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Andhra Pradesh Granite Mine Accident: आंध्र प्रदेश के बापटला जिले में रविवार को हुए एक भीषण हादसे ने ओडिशा के छह परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया। यहां एक ग्रेनाइट खदान में अचानक बड़ी चट्टान गिरने से ओडिशा के छह प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा सुबह करीब 10:30 बजे बल्लीकुरवा इलाके की खदान में हुआ, जब लगभग 15 मजदूर खनन कार्य में लगे हुए थे।

पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह संदेह जताया जा रहा है कि पानी के रिसाव के चलते चट्टान खिसकी और यह दुर्घटना हुई। मौके पर किसी भी तरह का विस्फोट या भूकंपीय गतिविधि नहीं पाई गई है। फिलहाल फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर जांच में जुटी है। मुख्यमंत्री राहत कोष से 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।

मृतकों की पहचान कर शवों की वापसी की प्रक्रिया शुरू

ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि मृतकों में गंजाम जिले के दंड बड़त्या, बनमाल चेहरा, भास्कर बिसोई, संतोष गौड़ और गजपति जिले के ताकुमा दलाई और मूसा जान शामिल हैं। इन सभी के शवों को उनके मूल गांवों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। गंजाम के जिलाधिकारी कीर्ति वासन वी ने बताया कि दिगपहांडी के सहायक तहसीलदार के नेतृत्व में एक विशेष टीम घटनास्थल रवाना की गई है।

चार-चार लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख जताया और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव ने भी हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए संवेदना जताई।

यह भी पढ़ें: 

दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री सक्रिय

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को सर्वोत्तम इलाज मुहैया कराया जाए और हादसे के कारणों की गहराई से जांच की जाए। वाईएसआर कांग्रेस के अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने भी घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताया और सरकार से घायलों को त्वरित सहायता देने की अपील की।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com