BJP Congress politics (सोर्सः सोशल मीडिया)
Mahagaon Political News: महागांव नगर पंचायत की अध्यक्ष सुनंदा कोपरकर को पिछले सोमवार पद छोड़ना पड़ा। कांग्रेस की सत्ता में हुए उलटफेर के बाद अध्यक्ष पद को लेकर दो महिला पार्षदों के बीच जोरदार रस्साकशी शुरू हो गई है। चर्चा है कि यदि पार्षद जयश्री नरवाडे भाजपा में शामिल होती हैं तो उन्हें अध्यक्ष पद मिल सकता है। हालांकि, अध्यक्ष पद का कार्यकाल केवल 8-9 महीने शेष होने के कारण जयश्री नरवाडे ने भाजपा में जाने से इनकार कर दिया है, ऐसी जानकारी सामने आ रही है।
अब भाजपा की पार्षद रंजना आडे के अध्यक्ष पद पर आसीन होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। शराब की दुकानों को बंद कराने के लिए मुखर भूमिका निभाने वाली और उच्च शिक्षित जयश्री नरवाडे को अध्यक्ष बनाया जाए, ऐसी मांग महागांव की जनता के बीच सुनाई दे रही है।
नगर पंचायत में सत्ता परिवर्तन के दौरान अपहरण जैसे नाटकीय घटनाक्रम के बाद कांग्रेस के तीन और ठाकरे गुट के एक पार्षद द्वारा विरोध में मतदान किए जाने से सुनंदा कोपरकर को पद से हटना पड़ा। नगर पंचायत का कार्यकाल महज आठ-नौ महीनों का शेष रहते हुए भाजपा के जिला समन्वयक नितीन भुतड़ा ने राजनीतिक रणनीति के तहत अविश्वास प्रस्ताव पारित करवाया। चार पार्षदों के समर्थन बदलने के बाद कांग्रेस के लिए अध्यक्ष पद बचाना मुश्किल हो गया। कांग्रेस ने पद बचाने के लिए रणनीति बनाई थी, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी और अंततः अविश्वास प्रस्ताव के चलते अध्यक्ष को पद छोड़ना पड़ा।
ये भी पढ़े: वर्धा: 102 एम्बुलेंस चालकों की 23 फरवरी से हड़ताल की चेतावनी, ठप हो सकती हैं आपातकालीन सेवाएं
अब नया अध्यक्ष कौन होगा, इसे लेकर चर्चा तेज है। भाजपा की रंजना आडे और कांग्रेस की बागी पार्षद जयश्री नरवाडे अध्यक्ष पद की प्रमुख दावेदार मानी जा रही हैं। बताया जा रहा है कि जयश्री नरवाडे को भाजपा में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन उन्होंने इसे अस्वीकार कर दिया। ऐसे में अध्यक्ष पद की माला रंजना आडे के गले में पड़ने की संभावना अधिक दिखाई दे रही है।
महागांव नगर पंचायत में चार वर्षों बाद कांग्रेस की सत्ता बदलने में अहम भूमिका निभाने वाली कांग्रेस पार्षद जयश्री नरवाडे क्या अगली अध्यक्ष बनेंगी या भाजपा की रंजना आडे को यह पद मिलेगा। इस पर पूरे शहर की नजरें टिकी हैं। भाजपा के जिला समन्वयक नितीन भुतड़ा के अंतिम निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।