ठाणे में ED और ATS की ताबड़तोड़ छापेमारी, आतंकी फंडिंग मामले हुई कार्रवाई, सिमी कनेक्शन आया सामने

Thane Padgha ED Raid: ठाणे के पडघा में संदिग्ध आतंकी फंडिंग को लेकर ईडी और एटीएस ने संयुक्त छापेमारी की। कई संदिग्धों के घरों की तलाशी, मोबाइल और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए। जांच जारी है।
Thane Padgha ED Raid
ठाणे के पघडा इलाके में ईडी की छापेमारी (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Terror Funding Investigation Thane: ठाणे जिले के पडघा इलाके में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और महाराष्ट्र आतंकवाद रोधी दस्ता (ATS) ने गुरुवार तड़के संदिग्ध आतंकी वित्तपोषण से जुड़े मामले में संयुक्त छापेमारी की। अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई सुबह से ही भिवंडी क्षेत्र के पडघा और आसपास के इलाकों में जारी है।

एटीएस ने पहले पडघा के बोरीवली गांव में किए गए अपने अभियानों से जुटाई गई जानकारी और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर यह ऑपरेशन शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि कई संदिग्धों के घरों की तलाशी ली जा रही है और ईडी की टीम संदिग्ध धन लेन-देन से जुड़े सवालों पर पूछताछ कर रही है। इस दौरान एटीएस, केंद्रीय एजेंसी के जांचकर्ताओं की सहायता कर रही है।

सिमी कनेक्शन आया सामने

मामले को गंभीरता इसलिए भी दी जा रही है क्योंकि इसी साल जून में एटीएस और ठाणे ग्रामीण पुलिस ने बोरीवली गांव में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया था। उस दौरान ‘स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया’ (सिमी) के पूर्व पदाधिकारी साकिब नाचन सहित प्रतिबंधित संगठन से जुड़े संदिग्ध सदस्यों और समर्थकों के 22 ठिकानों पर छापेमारी हुई थी। उस ऑपरेशन में एटीएस ने 19 मोबाइल फोन, कट्टरपंथी विचारधारा से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री और कई दस्तावेज जब्त किए थे।

पडघा इलाके का नाम पिछले कुछ सालों में कई बार आतंकवाद से संबंधित जांचों में सामने आया है। दो वर्ष पहले राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने भी यहां आतंकवादी गतिविधियों के सिलसिले में तलाशी अभियान चलाया था। उसी मामले में एनआईए ने साकिब नाचन को गिरफ्तार किया था, जिसकी इस वर्ष जून में दिल्ली के एक अस्पताल में मृत्यु हो गई।

ईडी और एटीएस की ताजा संयुक्त कार्रवाई को सुरक्षा एजेंसियां बेहद महत्वपूर्ण मान रही हैं। माना जा रहा है कि तलाशी से संदिग्ध आतंकी नेटवर्क और वित्तपोषण के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com