गैस संकट का फायदा उठा रहे माफिया: भिवंडी में अवैध भंडारण पर छापेमारी, भारत और HP गैस के सिलेंडर बरामद
Bhiwandi Illegal Gas Storage Raid: भिवंडी के वर्धमान टॉवर में अवैध गैस सिलेंडरों के भंडारण पर छापेमारी। राशनिंग विभाग ने भारी स्टॉक जब्त कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
- Written By: अनिल सिंह
Bhiwandi Illegal Gas Storage Raid (फोटो क्रेडिट-X)
Vardhaman Tower Gas Cylinder Seized: महाराष्ट्र के भिवंडी में प्रशासन ने अवैध गैस भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मौत के सौदागरों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। ठाणे (राशनिंग) विभाग की ‘फ’ परिमंडल भरारी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर भिवंडी तालुका के वालपाडा स्थित वर्धमान टॉवर में छापेमारी की। एक रिहायशी इमारत के भीतर भारी मात्रा में ज्वलनशील गैस सिलेंडरों का अवैध स्टॉक जमा किया गया था, जो न केवल कानून का उल्लंघन था, बल्कि पूरी इमारत के निवासियों की जान के लिए एक बड़ा खतरा भी था।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच जारी तनाव के कारण भारत में गैस वितरण प्रणाली प्रभावित हुई है। इसी संकट का फायदा उठाकर कुछ मुनाफाखोरों ने घरेलू और कमर्शियल सिलेंडरों की जमाखोरी शुरू कर दी है। भिवंडी की इस स्ट्राइक ने साफ कर दिया है कि प्रशासन संकट के समय में गैस कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के लिए तैयार है।
छापेमारी में ‘मौत का सामान’ बरामद
जब राशनिंग विभाग की टीम वर्धमान टॉवर पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके की इस इमारत में भारत गैस, एचपी गैस, गो गैस और गैस-1 जैसी प्रमुख कंपनियों के सिलेंडरों का अंबार लगा था। टीम ने मौके से भारी मात्रा में घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर जब्त किए हैं। इन सिलेंडरों को बिना किसी सुरक्षा मानकों के रखा गया था, जिससे किसी भी समय एक बड़ा विस्फोट या भीषण आगजनी हो सकती थी।
सम्बंधित ख़बरें
Navi Mumbai Fake Baba Fraud: ‘तांत्रिक पूजा’ के बहाने महिला से लाखों ऐंठे, दो बाबा गिरफ्तार
ठाणे और मीरा-भाईंदर में बनेंगे फाइव स्टार होटल, रेडिसन-विहंग ग्रुप का बड़ा निवेश
मुंबई के बाद ठाणे में डबल डेकर बस सेवा, दिवाली तक 300 नई बसें जोड़ने की योजना
मीरा-भाईंदर: जनगणना 2027 की तैयारी तेज, आयुक्त ने किया प्रशिक्षण का निरीक्षण
ये भी पढ़ें- कुंभ में ‘रेत के नीचे सिलेंडर’ से लेकर लखनऊ मेट्रो तक; अखिलेश ने मुंबई के मंच से गिनाईं उपलब्धियां
गैस संकट के बीच कालाबाजारी का गंदा खेल
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इन सिलेंडरों को बाजार में कृत्रिम किल्लत पैदा करने और ऊंचे दामों पर ‘ब्लैक’ में बेचने के लिए जमा किया गया था। मिडिल ईस्ट में युद्ध के कारण ईंधन की सप्लाई चेन बाधित होने से आम जनता पहले ही परेशान है, और ऐसे में गैस माफिया इस स्थिति को अवसर में बदलने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन सिलेंडरों को दोगुने-तिगुने दामों पर होटल संचालकों और जरूरतमंदों को बेचने की योजना थी।
पुलिस हिरासत में दो संदिग्ध, जांच जारी
प्रशासन ने मौके से सारा स्टॉक जब्त कर लिया है और इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। राशनिंग विभाग अब इस बात की तहकीकात कर रहा है कि इन आरोपियों को गैस कंपनियों या एजेंसियों के किन कर्मचारियों से सहयोग मिल रहा था। भिवंडी की इस कार्रवाई से गैस माफियाओं में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी इस तरह का अवैध भंडारण दिखे, तो तुरंत पुलिस या राशनिंग विभाग को सूचित करें।
