अखिलेश यादव का बड़ा बयान, कहा- महाराष्ट्र में महायुति हारी तो केंद्र में भी गिर जाएगी सरकार

मालेगांव दौरे पर आए सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा है कि महाराष्ट्र चुनाव में बीजेपी अपनी जीत के लिए किसी भी हद तक जाएगी इसलिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करते समय सावधान रहें।
अखिलेश यादव का बड़ा बयान, कहा- महाराष्ट्र में महायुति हारी तो केंद्र में भी गिर जाएगी सरकार
मालेगांव दौरे पर पहुंचे सपा नेता अखिलेश यादव वअन्य
Published on
Updated on

मालेगांव : महाराष्ट्र में आगामी चुनावों को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह राज्य में चुनाव जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है, इसलिए मतदाताओं को सावधान रहना होगा। उन्होंने इस चुनाव को ऐतिहासिक करार देते हुए दावा किया कि यदि राज्य में महायुति गठबंधन हारता है तो केंद्र में भी सरकार गिर जाएगी।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव यहां मालेगांव में अजीज कल्लू स्टेडियम में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि इस चुनाव में वह अपनी जीत के लिए हर संभव प्रयास करेगी, जैसे कि मतदाता सूची में हेरफेर और अन्य तरीकों से मतदाताओं को प्रभावित करना आदि। उन्होंने मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करते समय सावधानी बरतने का आग्रह किया।

भाजपा ने जोड़-तोड़ से बनाई सरकार

सपा को संबोधित करते हुए अखिलेश ने आगे कहा, लोकसभा चुनाव के बाद से भाजपा हताश और निराश है। उत्तर प्रदेश ने 400 से अधिक सीटों का नारा देने वाली भाजपा के सपने तोड़ दिए इसलिए उन्हें अन्य दलों के समर्थन से केंद्र में सरकार बनानी पड़ी। भाजपा पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि वह हर जगह तोड़फोड़ करके सरकार बनाते हैं। महाराष्ट्र में भी उन्होंने तोड़फोड़ करके महायुति की सरकार बनाई है। यह जनता द्वारा चुनी हुई सरकार नहीं है, यह उनकी धोखाधड़ी है।

महायुति सरकार में राज्य में बढ़ी बेरोजगारी

महाराष्ट्र की महायुति सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि राज्य की जनता दुखी है, राज्य में भ्रष्टाचार हर जगह फैल गया है और यहां के उद्योग अन्य राज्यों में जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि महाराष्ट्र, जो पहले अन्य राज्यों के लोगों को रोजगार देता था, अब खुद ही बेरोजगारी का सामना कर रहा है। इस अवसर पर सपा अध्यक्ष ने मालेगांव मध्य से शान-ए-हिंद निहाल अहमद, भिवंडी से रईस शेख और रियाज आर्मी की उम्मीदवारी की घोषणा की। कार्यक्रम में सांसद इकरा हसन और स्थानीय नेताओं ने भी जनता को संबोधित किया।

वक्फ बिल मुसलमानों को परेशान करने के लिए

इस दौरान सपा नेता ने वक्फ बिल को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि उसने मुस्लिम समाज को परेशान करने के लिए लोकसभा में इस विधेयक को पेश किया है। इस विधेयक के माध्यम से मुस्लिम समाज की जमीनें छीनने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जनता का आह्वान करते हुए कहा कि वह देश में विभाजन पैदा करने वाली भाजपा को आगामी विधानसभा चुनाव में सबक सिखाए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com