टीपू सुल्तान विवाद के बीच मालेगांव में खलबली, नकली नोटों के रैकेट का पर्दाफाश, पुलिस ने दबोचा गैंग

Malegaon Fake Currency Racket: मालेगांव के HDFC बैंक में नकली नोट जमा करने के मामले में पुलिस ने छत्रपती संभाजीनगर के मास्टरमाइंड संतोष केळसकर और 5 अन्य को गिरफ्तार किया है।
Malegaon Fake Currency Racket
Malegaon Fake Currency Racket प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स AI)
Published on
Updated on

Malegaon Crime News: महाराष्ट्र का मालेगांव शहर इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है। पहले उपमहापौर शान-ए-हिंद के कार्यालय में टीपू सुल्तान की तस्वीर लगाने पर हुआ विवाद और फिर नगर निगम कार्यालय में नमाज अदा करने की घटना ने राजनीतिक माहौल गरमाया था। अब मालेगांव में नकली नोटों (Counterfeit Currency) के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है, जिसने पुलिस और प्रशासन की नींद उड़ा दी है।

HDFC बैंक में नकली नोट जमा करने की कोशिश के बाद शुरू हुई जांच ने पुलिस को छत्रपती संभाजीनगर के 'मास्टरमाइंड' तक पहुँचा दिया। मालेगांव पुलिस ने इस मामले में मुख्य सूत्रधार सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

HDFC बैंक में 50 हजार के नकली नोटों से खुला राज

नकली नोटों के इस सनसनीखेज रैकेट का खुलासा तब हुआ जब 23 जनवरी 2026 को महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंस कंपनी का एजेंट गणेश खरे मालेगांव के सटाणा नाका स्थित एचडीएफसी बैंक में पैसे जमा करने पहुँचा। गणेश ने कुल 89 हजार रुपये काउंटर पर दिए, जिनमें से 500 रुपये के 100 नोट (कुल 50,000 रुपये) देखकर बैंक असिस्टेंट मैनेजर मोहन मुसळे को शक हुआ। जांच करने पर पता चला कि वे नोट नकली हैं। बैंक की शिकायत पर छावनी पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया और कड़ियां जोड़ना शुरू किया।

एजेंट से मास्टरमाइंड तक: पुलिस की लंबी जांच

मालेगांव पुलिस ने जब एजेंट गणेश खरे से पूछताछ की, तो उसने बताया कि ये पैसे उसे अजय राठौड़ ने ट्रैक्टर की किस्त के रूप में दिए थे। पुलिस ने अजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने करण राठौड़ का नाम लिया। जांच आगे बढ़ी तो छत्रपती संभाजीनगर के बंसीलाल यादव और फिर कन्नड के रेहान खान व समीर शेख के नाम सामने आए। अंततः कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस छत्रपती संभाजीनगर स्थित 'विनायक ग्राफिक्स' दुकान के मालिक और मुख्य मास्टरमाइंड संतोष उत्तमराव केळसकर तक पहुँच गई, जो नकली नोट छापने का काम कर रहा था।

प्रिंटिंग प्रेस जब्त, भारी मात्रा में उपकरण बरामद

अपर पुलिस अधीक्षक तेगबिरसिंह संधू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि संतोष केळसकर की दुकान से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने नकली नोट तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाला कंप्यूटर, हाई-टेक प्रिंटर, 85 जीएसएम पेपर, स्क्रीन प्रिंट, इंक, कटर और पेन ड्राइव सहित कुल 1 लाख 36 हजार 700 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है। अब तक की जांच में 500 रुपये के कुल 385 नकली नोट (1,92,500 रुपये) बरामद किए जा चुके हैं। मालेगांव पुलिस के लिए यह इस साल की तीसरी बड़ी सफलता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com