कुंभ 2027 के लिए नासिक में टेंट सिटी, हेलीसर्विस और पर्यटन क्लस्टर का ब्लूप्रिंट

Nashik: सिंहस्थ कुंभ 2027 को ध्यान में रखते हुए नाशिक में टेंट सिटी, ज्योतिर्लिंग सर्किट, पर्यटन क्लस्टर और हेलीकॉप्टर सेवाओं की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
Nashik Trimbakeshwar Simhastha kumbh
कुंभ मेला (फाइल फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Nashik Simhastha Kumbh 2027: पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव संजय खंदारे ने आगामी सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए टेंट सिटी स्थापित करने और उन्हें आवश्यक उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने औंढा नागनाथ, परली वैजनाथ, घृष्णेश्वर, त्र्यंबकेश्वर और भीमाशंकर को मिलाकर एक 'ज्योतिर्लिंग आध्यात्मिक सर्किट' तैयार करने और उसे हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ने के लिए प्रयास करने का भी निर्देश दिया है।

नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभमेला विकास प्राधिकरण के माध्यम से कुंभ मेला के लिए आवश्यक विकास कार्यों को गति दी गई है। पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साढ़े 5 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन किया था।

सिंहस्थ कुंभ पर्यटन और ब्रांडिंग का खाका

इसके बाद बुधवार को प्राधिकरण द्वारा टेंट सिटी स्थापित करने के उपायों पर दूरदृश्य संवाद प्रणाली (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) के माध्यम से एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रधान सचिव खंदारे बोल रहे थे।

खंदारे ने निर्देश दिया कि त्र्यंबकेश्वर के पास एक पर्यटन क्लस्टर विकसित किया जा सकता है, जिसके लिए वन विभाग का सहयोग लिया जाना चाहिए, एमटीडीसी रिसॉर्ट्स की क्षमता बढ़ाने के लिए निजी भागीदारों की भागीदारी ली जाए।

इसके अलावा, ज्योतिर्लिंग और कुंभ पर्यटन की ब्रांडिंग के लिए एक समान कार्ययोजना तैयार करने का सुझाव भी उन्होंने दिया। बैठक में जानकारी दी गई कि नासिक में प्रस्तावित 'कलाकुंभ' में स्थानीय कारीगरों, स्वयं-सहायता समूहों और हस्तकला व्यवसायियों के लिए दुकानें उपलब्ध होगी।

टेंट सिटी के लिए त्र्यंबक रोड पर खादी ग्रामोद्योग की चिन्हित की गई जमीन

इसमें राज्य मंडप, कुंभ संग्रहालय, नदी मंडप, एक जिला एक उत्पाद की दुकानें, खुला थिएटर, कला प्रदर्शन, अमृत स्नान जुलूस और अखाड़ा जुलूसों का लाभ श्रद्धालु उठा सकेंगे। टेंट सिटी के लिए अंबक रोड पर खादी ग्रामोद्योग की जमीन चिन्हित की गई है। बैठक में प्राधिकरण के आयुक्त शेखर सिंह, नासिक महानगर प्रादेशिक विकास प्राधिकरण के आयुक्त जलज शर्मा, जिलाधिकारी दिलीप स्वामी (छत्रपति संभाजीनगर), जितेंद्र डुडी (पुणे) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल थे।

टेंट सिटी के लिए विस्तृत योजना

प्रधान सचिव खंदारे ने आगामी सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 की पृष्ठभूमि में स्थापित होने वाली टेंट सिटी की समग्र तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि टेंट सिटी स्थल पर एक प्रदर्शनी केंद्र तैयार किया जाए और उसका प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए।

उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि कुंभ मेला के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सापुतारा, पालघर जिले के जव्हार और मोखाडा, और समृद्धि महामार्ग के किनारे भी टेंट सिटी का प्रस्ताव रखा जाए। इससे नासिक त्र्यंबकेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सकेंगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com