नासिक: नासिक महानगरपालिका (Nashik Municipal Corporation) द्वारा शुरू की गई सिटी लिंक बस सेवा (City Link Bus Service) विगत कुछ दिनों से लगातार नुकसान (Loss) में होने का दावा किया जा रहा है। इसलिए नुकसान की भरपाई करने के लिए 1 जनवरी 2023 से औसत सात प्रतिशत किराया वृद्धि (Fare Increase) करने का निर्णय किया गया है। इससे नए वर्ष में यात्रियों की जेब पर असर होगा। इसका प्रस्ताव प्रादेशिक प्राधिकरण के पास सौंपा गया है।
डीजल के बाद सीएनजी के दामों में भी वृद्धि हो रही है। इससे सिटी लिंक का भी खर्च बढ़ गया है। सिंटी लिंक को यात्रियों का प्रतिसाद मिलने के बावजूद नुकसान होने का दावा किया जा रहा है। साथ ही बढ़ते नुकसान को कम करने के लिए 1 जनवरी 2023 से सिटी लिंक के टिकट के दामों में वृद्धि होगी।
यात्रियों की प्रतिदिन की संख्या को ध्यान में रखते हुए प्रति किलोमीटर आय में वृद्धि होना अपेक्षित था, लेकिन कंपनी का नुकसान कम न होने से नासिक महानगरपालिका कमिश्नर डॉ. पुलकुंडवार ने इस बारे में चर्चा की। इस दौरान सीएनजी और डीजल के दामों में वृद्धि होने से अपेक्षित फायदा न होने की बात सामने आई। अब किस मार्ग पर कितने प्रतिशत वृद्धि होगी, इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। मंजूरी मिलने के बाद यह वृद्धि लागू की जाएगी। वर्तमान में नासिक शहर में सिटी लिंक की कुल 230 बसें हैं, जिसमें से 185 बसें सीएनजी पर दौड़ती हैं। शेष डीजल से चल रही हैं। इस दौरान नुकसान कम करने के लिए मनपा प्रशासन विविध उपाय योजना पर अमल कर रहा है, जिसके अनुसार प्रत्येक बस पर विज्ञापन लगाए जाएंगे। इसे लेकर संबंधित ठेकेदार से चर्चा शुरू हो गई है। विज्ञापन से होने वाली आय का कुछ हिस्सा ठेकेदार को मिलने वाला है।
15 वर्ष पुराने वाहन सड़क पर नहीं दौड़ेंगे। इस संदर्भ में आदेश जारी होने की संभावना है। अगर इस प्रकार का आदेश जारी होता है तो नासिक महानगरपालिका के 20 वाहन कबाड़ हो जाएंगे। वर्तमान में महानगरपालिका में 225 विविध प्रकार के वाहन हैं। महानगरपालिका अधिकारी और पदाधिकारियों के लिए उपयोगी वाहन और वाटर टैंक, मालवाहक छोटी गाड़ियां, ट्रैक्टर मिलाकर विविध प्रकार के वाहन हैं। केंद्र सरकार की मंजूरी के अनुसार, जल्द ही स्क्रैपिंग पॉलिसी लागू होगी। केंद्र और राज्य सरकार के इस निर्णय पर अमल करने पर स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं को भी उस पर अमल करना पड़ेगा। इसके बाद नासिक महानगरपालिका के 20 वाहन कबाड़ हो जाएंगे।