नागपुर मनपा चुनाव: उम्मीदवारों के खर्च से लेकर मतगणना तक सख्त निगरानी, 10 जोन में होगी काउंटिंग

Nagpur Municipal Corporation Election को पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। 993 उम्मीदवार मैदान में हैं, 3004 मतदान केंद्र बने हैं और 10 स्थानों पर जोन-स्तरीय मतगणना होगी।
Vote Counting: नागपुर मनपा चुनाव: उम्मीदवारों के खर्च से लेकर मतगणना तक सख्त निगरानी, 10 जोन में होगी काउंटिंग
EVM व VVPAT (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur Vote Counting Centers Preparation: नागपुर महानगरपालिका चुनाव को पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। मनपा मुख्यालय में आयुक्त तथा चुनाव अधिकारी डॉ. अभिजीत चौधरी की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जानकारी दी गई कि चुनाव के लिए कुल 993 उम्मीदवार मैदान में हैं और पूरी चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

चुनाव आयुक्त ने बताया कि इस बार मतगणना जोन स्तर पर 10 अलग-अलग स्थानों पर की जाएगी। राज्य चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार शहर भर में 3004 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों और चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की विस्तृत जानकारी मनपा की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।

बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाएं

प्रशासन ने मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए 'स्वीप' (SVEEP) कार्यक्रम के तहत विभिन्न जागरूकता अभियान शुरू किए हैं। इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिसमें दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए व्हीलचेयर की उपलब्धता प्रमुख है। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के लिए जोन स्तर पर आचार संहिता कक्ष स्थापित किए गए हैं। उम्मीदवारों के चुनावी खर्च की निगरानी के लिए जोन स्तर पर अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा विभिन्न प्रकार की अनुमतियां प्राप्त करने के लिए उम्मीदवारों की सुविधा हेतु मुख्यालय और जोन स्तर पर 'एकल खिड़की' की व्यवस्था की गई है।

इन स्थानों पर होगी मतगणना

  • लक्ष्मीनगर जोन : गंगाधर फडणवीस क्रीड़ा संकुल, विवेकानंद नगर
  • धरमपेठ जोन : सेंट फ्रांसिस डी सेल्स (SFS) कॉलेज, सेमीनरी हिल्स
  • हनुमाननगर जोन : ईश्वर देशमुख शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय, क्रीड़ा चौक
  • धंतोली जोन : सामुदायिक भवन, रेलवे विभाग, अजनी रोड
  • नेहरूनगर जोन : राजीव गांधी सभागृह, न्यू नंदनवन
  • गांधीबाग जोन :- नागपुर सुधार प्रन्यास सांस्कृतिक सभागृह, ग्रेट नाग रोड
  • सतरंजीपुरा जोन : द नागपुर टिम्बर मर्चेंट एसोसिएशन, लकड़गंज
  • लकड़गंज जोन : विनायकराव देशमुख हाईस्कूल और विज्ञान कनिष्ठ महाविद्यालय
  • आसीनगर जोन : डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सभागृह, ललित कला भवन
  • मंगलवारी जोन : अन्नासाहेब गुंडेवार महाविद्यालय, काटोल रोड

स्ट्रांग रूम की पुख्ता सुरक्षा

बैठक में नागपुर मनपा उपायुक्त (चुनाव) निर्भय जैन ने मतदान सामग्री के वितरण और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी और राजनीतिक दलों से शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए स्ट्रांग रूप में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां तक कि निगरानी के लिए पर्याप्त मात्रा में सीसीटीवी भी होंगे।

उल्लेखनीय है कि गत कई चुनावों में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर राजनीतिक दलों की ओर से कई बार आपत्तियां जताई गई थीं। यहां तक कि स्ट्रांग रूम में होनेवाली गतिविधियों पर भी आपत्तियां दर्ज की गई थी। इसके चलते प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम करने का मानस भी जताया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com