रेलवे परियोजना (सौजन्य-सोशल मीडिया, कंसेप्ट फोटो)
Nagpur News: नागपुर और पुणे के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस की सेवा शुरू होने के बाद अब मुंबई-नागपुर हाईस्पीड रेल परियोजना एक बार फिर सुर्खियों में है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना लगभग साढ़े 3 साल से ठंडे बस्ते में पड़ी थी लेकिन अब इसे फिर से एजेंडे में शामिल किए जाने के संकेत मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बताया कि समृद्धि महामार्ग के समानांतर 330 से 350 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हाईस्पीड रेल चलाने का प्रस्ताव रखा गया।
उन्होंने कहा कि इस गति से ट्रेन महज 2 से ढाई घंटे में ही मुंबई से नागपुर की दूरी तय कर सकेगी। समृद्धि महामार्ग का निर्माण कार्य जारी रहने के दौरान ही रेल मंत्रालय ने इस रूट पर हाईस्पीड रेल परियोजना का अध्ययन किया है। अध्ययन के अनुसार 78 प्रतिशत काम गति से संभव है, जबकि शेष 22 प्रतिशत काम केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के संयुक्त प्रयास से किया जाएगा।
नागपुर जिले में इस मार्ग का लगभग 111 किलोमीटर लंबा ट्रैक समृद्धि महामार्ग के समानांतर बनाने का विचार पहले ही सामने आ चुका था। इस पर साढ़े 3 साल पहले चर्चा शुरू हुई थी और नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने इसके लिए डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार करने की योजना बनाई थी। यहां तक कि इस परियोजना के लिए जिला अधिकारी कार्यालय के तल मंजिल पर ऑफिस भी शुरू किया गया था जो अब संरक्षक मंत्री के कक्ष के रूप में उपयोग हो रहा है।
यह भी पढ़ें – Nagpur News: सक्करदरा रजिस्ट्री कार्यालय में भी ‘खेला’, आयकर विभाग ने पकड़ा 520 करोड़ का मामला
हाईस्पीड रेल का यह प्रस्ताव मुंबई-नागपुर के बीच तेज, आरामदायक और अत्याधुनिक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस परियोजना के पूरा होने से दोनों शहरों के बीच की यात्रा समय में भारी कमी आएगी जिससे व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि हाईस्पीड रेल से न केवल यात्रा समय कम होगा बल्कि यह महाराष्ट्र के परिवहन ढांचे को भी आधुनिक बनाएगा। वर्तमान में मुंबई से नागपुर की रेल यात्रा में लगभग 12 से 14 घंटे लगते हैं, जबकि हवाई यात्रा की लागत अधिक होती है। हाईस्पीड रेल एक किफायती और समय बचाने वाला विकल्प साबित हो सकती है।
केंद्र और राज्य सरकार के बीच जल्द ही इस परियोजना पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। अगर सब कुछ योजना के अनुसार चला तो मुंबई-नागपुर हाईस्पीड रेल परियोजना पर जल्द ही काम शुरू हो सकता है और महाराष्ट्र में यात्रा का एक नया युग आरंभ होगा।