वंदे भारत ट्रेन। इमेज-सोशल मीडिया
Rail News : भारतीय रेल नेटवर्क में बदलाव की बयार बह रही है। रेल मंत्रालय ने वंदे भारत एक्सप्रेस को लेकर एक बड़ा अपडेट जारी किया है। यह राजस्थान और गुजरात के यात्रियों के लिए खुशखबरी और कुछ रूटों के लिए विदाई का संदेश लेकर आया है। रेलवे ने उदयपुर सिटी और अहमदाबाद (असरवा) के बीच एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने का एलान किया है, जिससे दोनों राज्यों के बीच न केवल सफर तेज होगा, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
रेलवे बोर्ड के अनुसार यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए उदयपुर सिटी से असरवा के बीच नई प्रीमियम ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR) को इस ट्रेन के रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह ट्रेन (नंबर 26963) सप्ताह में 6 दिन चलेगी। मंगलवार को इसका परिचालन नहीं होगा।
प्रस्थान: उदयपुर सिटी से सुबह 6:10 बजे। आगमन: अहमदाबाद (असरवा) सुबह 10:25 बजे। वापसी: असरवा से शाम 5:45 बजे चलकर रात 10:00 बजे उदयपुर पहुंचेगी। बेहतर कनेक्टिविटी के लिए इस ट्रेन को जावर, डूंगरपुर और हिम्मतनगर स्टेशनों पर स्टॉपेज दिया गया है। इससे छोटे शहरों के लोग भी हाई स्पीड रेल सेवा का लाभ उठा सकेंगे।
एक तरफ जहां नई ट्रेन की शुरुआत हो रही, वहीं रेलवे ने दो मौजूदा वंदे भारत ट्रेनों को बंद करने का भी निर्णय लिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के आधिकारिक बयान के मुताबिक उदयपुर सिटी-जयपुर (20979/80) ट्रेन के पहिए 14 फरवरी से थम जाएंगे। उदयपुर सिटी-आगरा कैंट (20981/82) ट्रेन की सेवा 15 फरवरी से बंद कर दी जाएगी। इन सेवाओं के बंद होने से नियमित यात्रियों को कुछ असुविधा हो सकती है, लेकिन रेलवे का लक्ष्य संसाधनों का बेहतर प्रबंधन और अधिक मांग वाले रूटों पर फोकस करना है।
यह भी पढ़ें : वंदे भारत स्लीपर का जलवा! बुकिंग खुलते ही ‘हाउसफुल’ हुई ट्रेन, कुछ ही घंटों में बिक गए सारे टिकट
चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) में निर्मित वंदे भारत एक्सप्रेस देश की पहली इंजनलेस ट्रेन है। 180 किलोमीटर प्रति घंटे की शीर्ष गति और विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ यह राजधानी और शताब्दी जैसी ट्रेनों को भी पीछे छोड़ रही है। साल 2019 में वाराणसी-दिल्ली रूट पर पहली बार चलने के बाद से यह ट्रेन भारतीय रेल के आधुनिकीकरण का चेहरा बन गई है।