नागपुर में हाई वोल्टेज ड्रामा: पालक मंत्री बावनकुले की गाड़ी घेरी, सड़क पर लेटे कांग्रेस नेता; पुलिस तैनात

Chandrashekhar Bawankule Clash: नागपुर में वोटिंग से पहले बवाल मच गया। पालक मंत्री बावनकुले की गाड़ी घेरी, कांग्रेस का पैसे बांटने का आरोप। चुनाव आयोग की टीम ने की जांच। पढ़ें ताजा अपडेट।
High drama in Nagpur Ward 10 as Congress workers block Minister Bawankule’s car over bribery allegations.
बावनकुले का रोका रास्ता (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Nagpur Election: मतदान की पूर्व संध्या पर नागपुर में राजनीतिक पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। पश्चिम नागपुर के कुतुबशाह नगर इलाके में पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के एक कार्यकर्ता के घर जाने को लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और नारेबाजी हुई।

दोपहर करीब 12 बजे पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले गिट्टीखदान क्षेत्र के कुतुबशाह नगर (प्रभाग क्रमांक 10) में अपने पुराने कार्यकर्ता राजू देवगडे के घर पहुंचे। मंत्री के वहां पहुंचते ही कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद ठाकुर और उनके समर्थक मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने बावनकुले की गाड़ी को घेर लिया। उनके साथ परिणय फुके भी थे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वहां पैसे बांटे जा रहे हैं या जमीन के 'मालकी पट्टे' वितरित किए जा रहे हैं। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई। कांग्रेस नेता अरुण डवरे सड़क पर लेट गए और मंत्री के वाहन को रोकने की कोशिश की। माहौल बिगड़ता देख विधायक विकास ठाकरे, अभिजीत वंजारी, अतुल लोंढे, अतुल कोटेचा, उमाकांत अग्निहोत्री भी वहां पहुंच गए।

प्रशासन की कार्रवाई

विवाद बढ़ने के बाद चुनाव आयोग की टीम और पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर घर की सघन तलाशी और जांच की। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार जांच में वहां कोई भी संदिग्ध सामग्री या नकदी बरामद नहीं हुई।

पक्ष-विपक्ष के दावे

बावनकुले का पक्ष: मैं केवल अपने कार्यकर्ता के भाई का हाल-चाल जानने गया था। चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार बिना प्रचार या पर्चे बांटे किसी के घर जाना गलत नहीं है। मैंने विकास ठाकरे को वस्तुस्थिति समझा दी है।

कांग्रेस का पक्ष: कांग्रेस ने चुनाव की पूर्व संध्या पर भाजपा द्वारा मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिशों पर गंभीर चिंता व्यक्त की और इसे आचार संहिता का उल्लंघन बताया।

एक अन्य मामला: पैसे और पर्चे बांटने का आरोप

इसी बीच एक और विवाद गिट्टीखदान के आजाद नगर इलाके में सामने आया। कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत झा ने आरोप लगाया कि भाजपा उम्मीदवार प्रगति पाटील के कार्यकर्ता विवेक सिंह और मानस माली इलाके में पैसे और कांग्रेस विरोधी पर्चे बांट रहे थे। झा ने गिट्टीखदान पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर सीसीटीवी फुटेज जांचने की मांग की। भाजपा नेता अजय पाटिल ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे 'चुनावी स्टंट' करार दिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com