वसई-विरार को मिला 7वां महापौर, BVA के अजीव पाटिल की एकतरफा जीत, महायुति को दी पटखनी

Vasai Virar Mayor Election: वसई-विरार मनपा महापौर चुनाव में बविआ के अजीव यशवंत पाटिल ने 71 वोटों के साथ शानदार जीत दर्ज की। उपमहापौर पद भी बविआ के खाते में गया, विपक्ष 44 मतों पर सिमट गया।
Ajiv Yashwant Patil Wins Vasai Virar Mayor Election
वसई-विरार के नवनिर्वाचित महापौर अजीव पाटिल को पुष्पगुच्छ देते BVA के नेता (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ajiv Yashwant Patil Wins Vasai Virar Mayor Election: पालघर जिले की वसई विरार महानगरपालिका में महापौर चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही ऊहापोह की स्थिति आखिरकार चुनाव परिणामों के साथ ही समाप्त हो गई, बहुजन विकास आघाड़ी के उम्मीदवार अजीव यशवंत पाटिल ने मेयर पद पर शानदार जीत हासिल की है। इस जीत के साथ ही वसई विरार मनपा को इस कार्यकाल के लिए अपना 7वां महापौर मिल गया है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान बविआ ने पूरी तरह एकजुटता दिखाई, जिससे विपक्षी खेमे की रणनीति धरी की धरी रह गई।

वसई विरार महानगरपालिका महापौर चुनाव के लिए हुए मतदान में अजीव पाटिल को कुल 71 वोट मिले, जिसमें बविआ के 70 नगरसेवक और एक कांग्रेस सदस्य का समर्थन शामिल था। वहीं, भाजपा और शिवसेना शिंदे गुट की महायुति से महापौर पद के लिए उम्मीदवार रहीं अधिवक्ता दर्शना अनिल त्रिपाठी को मात्र 44 वोटों से संतोष करना पड़ा। उप-महापौर पद पर भी बविआ का ही कब्जा रहा और मार्शल लोपिस 71 मतों के साथ निर्वाचित घोषित किए गए। इस एकतरफा जीत ने वसई विरार में बहुजन विकास आघाड़ी के निर्विवाद वर्चस्व को एक बार फिर साबित कर दिया है।

44 मतों के साथ अलग-थलग नजर आया विपक्ष

विपक्षी महायुति ने दर्शना अनिल त्रिपाठी को मैदान में उतारकर बविआ को चुनौती देने की कोशिश की थी, लेकिन वे बहुमत के आंकड़े के आसपास भी नहीं पहुंच सके। 44 मतों के साथ विपक्ष पूरी तरह अलग थलग नजर आया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि, ऑपरेशन लोटस' के मुद्दे को हवा देने की कोशिशों के बावजूद, बविआ ने अपने कैडर को एकजुट रखा। वहीं, पूर्व विधायक व बविआ अध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर ने नवनिर्वाचित महापौर और उपमहापौर को बधाई देते हुए कहा कि सभी ने ऑपरेशन सिटी तो देख लिया होगा और आज लगने वाली लाइन भी। इसके आगे लाइन और लंबी देखने को मिलेगी। अजीव पाटिल के मेयर बनने के बाद अब शहर के विकास कार्यों पर सबका ध्यान है। नवनिर्वाचित मेयर ने कहा, यह जीत जनता के लोकप्रिय नेता हितेंद्र ठाकुर के प्रति विश्वास और प्रेम का परिणाम है।

मनपा चुनाव के बाद अब विकास पर जनता की नजर

  • 35 वर्षों में किए गए विकास कार्यों ने विजय को आसान बनाया, विभिन्न राजनीतिक दलों और नेताओं के सहयोग के साथ मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री ने भी विकास के लिए पर्याप्त निधि का भरोसा दिया है।
  • संकेत दिया है कि उनकी प्राथमिकता बिना किसी भेदभाव के शहर का विकास और बुनियादी सुविधाओं में सुधार करना है।
  • चुनाव प्रक्रिया पूरा होने के साथ ही, नवनिर्वाचित महापौर और उपमहापौर को बधाई देने के लिए बविआ अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हितेंद्र ठाकुर, क्षितिज ठाकुर, राजेश पाटिल, पूर्व महापौर राजीव पाटिल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
  • अजीव पाटिल के परिवार से आई महिलाओं ने तिलक और आरती उतार कर उनका स्वागत किया।
  • इस दौरान, मुख्य चुनाव अधिकारी के रूप में उपस्थित पालघर जिलाधिकारी इंदूरानी जाखड़, चुनाव अधिकारी मनपा आयुक्त मनोज कुमार सूर्यवंशी, चुनाव निर्णय अधिकारी विश्वनाथ तलेकर, दीपक सावंत आदि मौजूद थे।

चाक-चौबंद की गई थी सुरक्षा व्यवस्था

चुनाव प्रक्रिया शांति पूर्वक संपन्न कराने को लेकर, पुलिस प्रशासन की ओर से व्यवस्था चाकचौबंद की गई थी। चुनाव प्रक्रिया से जुड़े लोगों के अलावा किसी भी अन्य व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल तक जाने की मनाई थी। पत्रकारों को भी बगैर परिचय पत्र दिखाए अंदर जाने पर रोक लगाई गई थी, इसके चलते पार्टी समर्थकों की भारी भीड़ मनपा मुख्यालय के बाहर देखने को मिली। हालांकि, बाहर जमा होने वाले लोगों के लिए बाहर ही चाय-नाश्ता और पानी की समुचित व्यवस्था की गई थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com