संपत्ति विवाद में भाई की हत्या, LCB और कलमेश्वर पुलिस ने 4 घंटे में किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

Nagpur Rural Police: कलमेश्वर के मोहगांव-सावंगी में संपत्ति विवाद के चलते भाई ने भाई की हत्या कर शव जलाने की कोशिश की, जिसका पुलिस ने चार घंटे में खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
संपत्ति विवाद में भाई की हत्या
संपत्ति विवाद में भाई की हत्या (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Kalmeshwar Murder Case: कलमेश्वर पुलिस थाना क्षेत्र के मौजा मोहगांव-सावंगी में संपत्ति विवाद के चलते एक भाई ने अपने ही सगे भाई की हत्या कर दी। आरोपी ने शव को मृतक के ही खेत में जलाकर सबूत नष्ट करने का प्रयास किया। इस सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को कलमेश्वर पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने महज चार घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 दिसंबर को वार्ड क्रमांक 15, धनगरपुरा, मोहपा, तहसील कलमेश्वर निवासी अरुण रामाजी तुरारे (43) अपने खेत में काम कर रहे थे। उनकी पत्नी जोत्सना पास के ही दूसरे खेत में काम कर रही थीं। शाम को जब वह अरुण को घर चलने के लिए बुलाने गईं, तो वे खेत में नहीं मिले।

कलमेश्वर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज

परिजनों की मदद से काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर मोहपा पुलिस चौकी में सूचना दी गई। इसके बाद चलाए गए खोज अभियान के दौरान पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम को मोहगांव-सावंगी परिसर के एक नाले में जली हुई अवस्था में मानव अवशेष मिले। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मृतक अरुण रामाजी तुरारे ही हैं। इस संबंध में मृतक की पत्नी जोत्सना तुरारे की शिकायत पर कलमेश्वर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया।

संदेह के आधार पर की गई कार्रवाई

फरियादी जोत्सना तुरारे ने अपने देवर चंद्रशेखर रामाजी तुरारे (58) पर संदेह व्यक्त किया था। इसके आधार पर पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान चंद्रशेखर ने खेती और मकान के हिस्से को लेकर चल रहे विवाद के कारण अपने भाई अरुण की हत्या करना स्वीकार किया।

घटना के महज चार घंटे के भीतर हत्या का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने में कलमेश्वर पुलिस और एलसीबी को सफलता मिली। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नागपुर ग्रामीण हर्ष पोद्दार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के, उपविभागीय पुलिस अधिकारी सागर खरडे, स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक ओमप्रकाश कोकाटे तथा पुलिस निरीक्षक मनोज कालबांडे के मार्गदर्शन में की गई।

Navbharat Live
navbharatlive.com