नागपुर में फिर दिखा तेंदुआ, वन विभाग अलर्ट, पारडी इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

Nagpur Leopard News: नागपुर के पारडी में तेंदुआ देखे जाने की खबर से हड़कंप मच गया। वीडियो वायरल होने पर वन विभाग ने सर्च ऑपरेशन चलाया गया। टीम अगले दो दिन इलाके में निगरानी रखेगी।
Leopard In Nagpur
पारडी में दिखा तेंदुआ (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Leopard Spotted In Nagpur: नागपुर के पारडी इलाके में सोमवार को दोपहर के आसपास स्थानीय निवासियों द्वारा तेंदुआ देखे जाने की सूचना हेल्पलाइन पर मिलने के बाद कुछ समय के लिए डर का माहौल बन गया। सड़क पार करके एक दीवार से कूदकर तेंदुए के भागने का वीडियो वायरल हो गया।

यह जानकारी तेजी से फैलते ही वन विभाग ने कोई जोखिम न लेते हुए तुरंत एक टीम को घटनास्थल पर रवाना किया। वन कर्मचारियों के तलाशी अभियान के दौरान तेंदुए के होने के कोई ठोस सबूत नहीं मिले, इसलिए वन विभाग ने प्राथमिक स्तर पर इस सूचना के अफवाह होने की आशंका व्यक्त की है।

दो दिन तैनात रहेंगे वनकर्मी

हालांकि कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने तेंदुआ देखे जाने का दृढ़ दावा किया है जिसके चलते विभाग ने स्थिति को गंभीरता से लिया है। अगले एक से दो दिनों तक क्षेत्र में वन विभाग की टीम लगातार तैनात रहेगी। तेंदुए सहित अन्य वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।

उपवन संरक्षक डॉ. विनीता व्यास ने बताया कि फिलहाल हम प्रतीक्षा करो और देखो (वेट एंड वॉच) की भूमिका में हैं। गश्त के दौरान तेंदुआ पाए जाने पर उसे सुरक्षित रूप से पकड़ने का अभियान तुरंत चलाया जाएगा।

किसी भी संदिग्ध गतिविधि को देखते ही तुरंत वन विभाग की हेल्पलाइन पर सूचित करने की अपील की गई है। अनावश्यक भय न फैले इसके लिए विभाग ने स्थानीय लोगों से शांत रहने का आग्रह किया है। साथ ही वन विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारी न फैलाई जाए। शहर में शीतकालीन सत्र शुरू होने के कारण वन विभाग के अधिकारी और अधिक सतर्क हो गए हैं। वन विभाग ने इसके लिए एक विशेष टीम भी तैयार की है।