Nagpur News: नहीं थम रहा अग्नितांडव, अब अतुल वुड कंपनी में लगी भीषण आग, 4 मशीनें जलकर खाक

बीते कुछ महीनों में देशभर में आग लगने की घटनाओं में जो इजाफा हुआ है, वह काफी बड़ा है। आए दिन कहीं न कहीं किसी न किसी वजह से आग लगती रहती है। यह काफी चिंताजनक है।
नहीं थम रहा अग्नितांडव
नहीं थम रहा अग्नितांडव (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

नागपुर: बीते कुछ महीनों में देशभर में आग लगने की घटनाओं में जो इजाफा हुआ है, वह काफी बड़ा है। आए दिन कहीं न कहीं किसी न किसी वजह से आग लगती रहती है। यह काफी चिंताजनक है। बढ़े हुए आंकड़ों को देखते हुए इन घटनाओं पर प्रतिबंध लगाने के लिए कुछ उपाय करने की बेहद जरूरत है। नहीं तो भौतिक नुकसान के अलावा जानमाल का नुकसान जो हो रहा है, वह हमें पीछे ले जाने वाला है। उपराजधानी नागपुर की बात करें तो यहां बीते कुछ ही दिनों में आग लगने की घटनाओं ने चौका दिया है।

मां उमिया औद्योगिक वसाहत क्षेत्र में आधी रात के करीब अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि 4 आरा मशीनें भी शीघ्र ही आग की चपेट में आ गईं। इससे परिसर में अफरा-तफरी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर जिलेभर से 11 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। लगातार 10 घंटे तक 55 टैंक पानी डालने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। खबर लिखे जाने तक आग लगने का कारण अज्ञात था। अग्निशमन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सुरेश नातिनानी की मां उमिया औद्योगिक क्षेत्र में अतुल वुड नाम से कंपनी है। उनके पास 4 आरा मशीन हैं। रात करीब 1 बजे एक आरा मशीन में अचानक आग लग गई।

10 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

क्षेत्र में बड़ी मात्रा में लकड़ी होने के कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग ने चारों आरा मशीन को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर कलमना, लकड़गंज, त्रिमूर्तिनगर, सक्करदरा, कामठी, मिहान समेत अन्य केंद्रों से कुल 11 फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल विभाग के जवानों ने आग पर काबू पाने के लिए घंटों तक मशक्कत की। लगभग 10 घंटों की मशक्कत के बाद सुबह करीब 11 बजे 55 टैंक पानी लगातार इस्तेमाल करने के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग से 4 आरा मशीन, लकड़ियां, कार्यालय, शेड समेत अन्य सामान नष्ट हो गया।

 अतुल वुड कंपनी में लगी भीषण आग

माल गाड़ी में लगी थी आग

कोयले से भरी माल गाड़ी के आठ डिब्बों में आग लग गई। देखते ही देखते आग तीव्र हो गई और अन्य डिब्बों की तरफ बढ़ने लगी। कोयले में आग लगने की जानकारी मिलते ही स्टेशन में अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन की गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची और बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यह घटना रविवार सुबह दक्षिणपूर्व मध्य रेलवे के अधीन मुंबई-हावड़ा रूट पर तारासा स्टेशन पर हुई। महाराष्ट्र की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…

लकड़गंज परिसर में भी लगी थी आग

लकड़गंज परिसर में बुधवार रात अचानक भीषण आग लग गई थी, जिसने देखते ही देखते आठ आरा मशीनों को अपनी चपेट में ले लिया था। आग की भयावह लपटों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया था। इस आग में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई गई थी।

सप्ताह पूर्व ट्रक में आग

नागपुर के भंडारा रोड स्थित कापसी (खुर्द) इलाके में एक चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। यह हादसा जीत बियर बार के सामने हुआ, जिससे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। ट्रक में घरेलू सामान भरा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गया था। बता दें कि एक ही दिन में कई जगह आग लगने की घटनाओं ने सभी को हिला दिया था।

भंडारा रोड पर बीड़गांव नाका नं. 5 के पास गुलशन ट्रेडिंग और प्रिंस इंडस्ट्रीज के बारदाना गोदाम में आग ने तांडव मचाया। गोदाम में भरा बारदाना ज्वलनशील रहने से आग ने देखते ही देखते रौद्र रूप धारण कर लिया। अंदर ही अंदर आग फैलने से धुएं का गुबार उठने से परिसर में दहशत फैल गई थी।

Navbharat Live
navbharatlive.com