अंबरनाथ में 32 लाख की मेफेड्रोन के साथ युवक गिरफ्तार, एक फरार आरोपी की तलाश जारी

Mumbai News: अंबरनाथ में पुलिस ने मेफेड्रोन बेचने वाले युवक को 32 लाख रुपये के माल के साथ गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी आरोपी फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
एमडी के साथ युवक गिरफ्तार (pic credit; social media)
एमडी के साथ युवक गिरफ्तार (pic credit; social media)
Published on: 
Updated on: 

Maharashtra News: अंबरनाथ में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। उल्हासनगर परिमंडल के पुलिस उपायुक्त सचिन गोरे के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच यूनिट ने मादक पदार्थ विरोधी अभियान के अंतर्गत विशेष टीम गठित की थी। इसी कड़ी में मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर अंबरनाथ पूर्व के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन की सीमा में पालेगांव स्थित दरगाह के पास एक युवक को रंगे हाथ दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी का नाम फरहान हबीब चौधरी (21), निवासी मानखुर्द, मुंबई बताया गया है। पुलिस ने उसके पास से 161 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी), एक मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की है। बरामद माल की कुल कीमत करीब 32 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी नशीला पदार्थ बिक्री के लिए ले जा रहा था और मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

एक आरोपी फरार

इस मामले में शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरे रैकेट में एक और आरोपी अहमद कुरैशी (22), निवासी मानखुर्द शामिल है। वह पुलिस की कार्रवाई के दौरान फरार हो गया और उसकी तलाश जारी है। पुलिस टीम का कहना है कि इस गिरोह के पीछे और भी बड़े नेटवर्क की संभावना है, जिसे खंगालने का प्रयास किया जा रहा है।

अधिकारी ने बताया कि मुंबई और आसपास के इलाकों में मेफेड्रोन जैसे नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस सफलता से जहां स्थानीय स्तर पर नशे के कारोबार को बड़ा झटका लगा है, वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कई और खुलासे होने की संभावना है।