Mumbai Local में बड़ा बदलाव! 18 बोगी वाली ट्रेनों का ट्रायल जनवरी में, यात्रियों को मिलेगी राहत
Mumbai local Train नेटवर्क में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिमी रेलवे एक अहम कदम उठाने जा रहा है। इस महीने के अंत में 18 बोगी वाली लोकल ट्रेनों का सेफ्टी और स्पीड ट्रायल किया जाएगा।
- Written By: आकाश मसने
मुंबई लोकल ट्रेन (सोर्स: सोशल मीडिया)
18 Coach Local Train Trial: मुंबई के उपनगरीय रेल नेटवर्क में यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पश्चिमी रेलवे ने 18 बोगी वाली लोकल ट्रेनों के परीक्षण की योजना बनाई है, जिससे भविष्य में भीड़भाड़ कम करने में मदद मिल सकती है। अधिकारियों के अनुसार, यह महत्वपूर्ण ट्रायल पालघर जिले के विरार–दहानू रोड सेक्शन पर 14 और 15 जनवरी को किया जाएगा।
हर दिन 75 लाख यात्री करते हैं लोकल से सफर
वर्तमान में मुंबई उपनगरीय नेटवर्क में अधिकतर 12 बोगी लोकल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा पश्चिमी रेलवे और मध्य रेलवे दोनों कुछ सीमित रूट्स पर 15 बोगी वाली लोकल सेवाएं भी संचालित कर रहे हैं। पूरे नेटवर्क में प्रतिदिन 3,000 से अधिक लोकल सेवाओं के जरिए करीब 75 लाख यात्री सफर करते हैं, जिससे अतिरिक्त क्षमता वाली ट्रेनों की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही है।
दो अलग-अलग तकनीकों से लैस ट्रेनों का होगा ट्रायल
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, 18 बोगी वाली दो अलग-अलग लोकल ट्रेनों का परीक्षण किया जाएगा। एक ट्रेन बॉम्बार्डियर की विद्युत प्रणाली से सुसज्जित होगी, जबकि दूसरी ट्रेन में मेधा कंपनी की विद्युत प्रणाली लगी होगी। दोनों ट्रेनों पर अनिवार्य सुरक्षा परीक्षण किए जाएंगे।
सम्बंधित ख़बरें
IPL मैचों में ‘सलाम मुंबई’ नारे पर बढ़ा विवाद; BJYM ने MCA अध्यक्ष से मिलकर की ‘नमस्कार मुंबई’ लिखने की मांग
‘झूठा निकला किरण रिजिजू का दावा’, पाकिस्तानी नहीं 94% भारतीय हैं कॉकरोच जनता पार्टी के फॉलोवर्स
महाराष्ट्र में मौसम का डबल अटैक; ब्रह्मपुरी में पारा 47.1°C पार, लू से मौतें, कोंकण-पुणे में बारिश से तबाही
मुंबई लोकल यात्रियों के लिए अलर्ट, रविवार को मेन और हार्बर लाइन पर मेगा ब्लॉक
इमरजेंसी ब्रेक और कपलर फोर्स की होगी जांच
इन परीक्षणों में दो अहम सेफ्टी ट्रायल शामिल होंगे। पहला ‘इमरजेंसी ब्रेकिंग डिस्टेंस’ (EBD), जिसके जरिए यह जांचा जाएगा कि आपात स्थिति में ट्रेन कितनी तेजी से रुक सकती है। दूसरा ‘कपलर फोर्स’ (CF) टेस्ट होगा, जिसमें ब्रेक लगाने के दौरान कोचों को जोड़ने वाले कपलर पर पड़ने वाले दबाव का आकलन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- नागपुर का मौसम: सर्द हवाओं और कोहरे ने बदला मौसम का मिजाज, जानें अगले 5 दिनों का हाल
110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक होगा परीक्षण
बॉम्बार्डियर सिस्टम वाली 18 बोगी ट्रेन का परीक्षण अधिकतम 110 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से किया जाएगा, जबकि मेधा प्रणाली से लैस ट्रेन को 105 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक परखा जाएगा। पश्चिमी रेलवे ने बताया कि अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (RDSO) ने ट्रायल से पहले ट्रेन की लोडिंग और तकनीकी तैयारी पूरी रखने के निर्देश दिए हैं। यदि ये परीक्षण सफल रहते हैं, तो आने वाले समय में मुंबई लोकल नेटवर्क में 18 बोगी ट्रेनों की शुरुआत यात्रियों के सफर को कहीं अधिक सुविधाजनक बना सकती है।
