एक ही चुनाव चिह्न पर ठाकरे ब्रदर्स BMC में ठोकेंगे ताल? मनसे नेता ने बताया गठबंधन का प्लान

BMC Elections: राज और उद्धव ठाकरे की मुलाकात के बाद गठबंधन और सीट बंटवारे की चर्चाएँ तेज हुईं। संदीप देशपांडे ने इसे “पतंगबाज़ी” बताया और कहा कि सही समय पर स्थिति स्पष्ट होगी।
raj-thackeray-again-reached-matoshree-to-meet-uddhav-thackeray
फाइल फोटो (Image- Social Media)
Published on: 
Updated on: 

BMC Elections News: राज्य में कुछ नगर पालिका और नगर पंचायत चुनावों की हलचल तेज़ है। इसी वजह से राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। आगामी मुंबई महानगरपालिका चुनावों को देखते हुए सभी राजनीतिक दल पूरी तैयारी में जुट गए हैं। इसी पृष्ठभूमि में राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के बीच संभावित गठबंधन की चर्चा जोर पकड़ रही है। दोनों ठाकरे बंधुओं की मुलाक़ातें भी लगातार बढ़ी हैं। गुरुवार (27 नवंबर) को उद्धव ठाकरे ने राज ठाकरे से मुलाक़ात की। इसके बाद सवाल उठने लगे हैं कि इस बैठक में आखिर क्या तय हुआ?

मनसे नेता संदीप देशपांडे ने मीडिया से बात करते हुए इन सभी developments पर बड़ा बयान दिया है। ठाकरे बंधुओं द्वारा एक ही चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ने की चर्चाओं और मनसे-शिवसेना ठाकरे गुट के बीच सीट-बंटवारे को लेकर उन्होंने विस्तृत प्रतिक्रिया दी।

संदीप देशपांडे ने क्या कहा?

उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की मुलाक़ात दो घंटे से ज़्यादा चली बताई जा रही है। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में कई अटकलें शुरू हो गईं, क्या दोनों के बीच सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय हो गया है? और क्या शिवसेना (ठाकरे गुट) और मनसे एक ही चुनाव चिन्ह पर उतरने की सोच रहे हैं? पत्रकारों ने इन्हीं सवालों पर संदीप देशपांडे से प्रतिक्रिया मांगी। इस पर उन्होंने कहा, “मेरे हिसाब से संक्रांति 14 जनवरी को है। इसलिए अभी से लोगों को पतंगें नहीं उड़ानी चाहिए। ये सारी बातें सिर्फ पतंगबाज़ी जैसी हैं। क्या चर्चा हुई, यह राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ही जानते हैं। हममें से कोई भी यह नहीं बता सकता कि उनकी बातचीत में क्या हुआ। लेकिन मैं साफ़ कहना चाहता हूँ कि संक्रांति में अभी समय है, इसलिए बेवजह पतंग नहीं उड़ानी चाहिए।”

सीट बंटवारे पर क्या निर्णय हुआ?

आगामी बीएमसी चुनावों में मनसे और शिवसेना ठाकरे गुट के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर क्या तय हुआ है, इस सवाल पर संदीप देशपांडे ने कहा, “मुझे लगता है कि अभी कैमरे के सामने इसका जवाब देना उचित नहीं होगा। सही समय आने पर हम सब जानकारी साझा करेंगे।”

उद्धव ठाकरे-राज ठाकरे मुलाक़ात

शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे प्रमुख राज ठाकरे के संभावित गठबंधन को लेकर राज्य की राजनीति में पहले से उत्सुकता थी। इसी बीच गुरुवार को उद्धव ठाकरे ने राज ठाकरे के ‘शिवतीर्थ’ स्थित घर पहुंचकर उनसे मुलाक़ात की। इस बैठक में क्या चर्चा हुई। इस पर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि यह मुलाक़ात नगर निगम चुनावों की तैयारियों के संदर्भ में हुई थी।

Navbharat Live
navbharatlive.com