SSC पेपर लीक विवाद: आंदोलन की रणभूमि बना रामलीला मैदान, 44 छात्रों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

SSC STUDENT'S PROTEST: रविवार की रात देश की राजधानी दिल्ली में छात्रों का जनआक्रोश जनसैलाब की तरह फैल गया। एसएससी एग्जाम में हुई धांधली को लेकर सारे छात्रों ने सड़क पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
SSC STUDENTS DELHI RAM LEELA MAIDAIN PROTEST
रामलीला मैदान में छात्रों का प्रदर्शन (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

STUDENT'S PROTEST IN RAMLEELA MAIDAIN:  बीती रविवार की रात दिल्ली के रामलीला मैदान में सैकड़ों छात्रों ने शिक्षक कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की परीक्षाओं में होने वाली अनियमितताओं के विरोध में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस पूरे मामले पर देश की सियासत गरमाई हुई है। विपक्ष ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है और आरोप लगाया है कि, सरकार ने पुलिस भेजकर छात्रों को पिटवाया है। साथ ही छात्र आंदोलन को निर्मम तरीके से कुचलने की कोशिश की गई है।

कांग्रेस ने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि रात में पुलिस भेजकर SSC छात्रों के आंदोलन को निर्मम तरीके से दबाने की कोशिश की गई। जो सरासर गलत है। इस निर्ममता की जितनी निंदा की जाए वह कम है। छात्र पिछले कई महीनों से SSC में सुधार की मांग कर रहे हैं। लगातार छात्रों की मांग अनसुनी करने पर अंत में विद्यार्थियों ने धरना प्रदर्शन करने का कठोर निर्णय लिया।

प्रदर्शन को पुरजोर तरीके से पुलिस ने रोका

छात्रों ने पुलिस की शिकायत करते हुए कहा कि, उन्हें जबरन प्रदर्शन स्थल से हटाने की कोशिश की गई। यही कारण रहा कि पुलिस के हस्तक्षेप करने पर प्रदर्शनकारी कार्यक्रम स्थल से भागते देखे गए। कुछ छात्रों ने भर्ती में कुप्रबंधन का भी आरोप लगाया। साथ ही पूरी परीक्षा प्रक्रिया में प्रशासनिक विफलताओं और पारदर्शिता की कमी बताई।

वहीं इस पूरे मामले पर, पुलिस ने किसी भी तरह की गड़बड़ी से साफ इनकार किया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘लगभग 1,500 प्रदर्शनकारी रामलीला मैदान में एकत्रित थे। इनमें से लगभग 100 ने बार-बार अनुरोध और सूचना के बावजूद निर्धारित समय के बाद जाने से इंकार कर दिया। 44 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि अन्य इधर-उधर हो गए।

पारदर्शिता को लेकर उठे सवाल

यह विरोध प्रदर्शन भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता को लेकर उठे सवालों से संबंधित है। एक बार फिर भर्ती परीक्षा में होने वाली धांधली मुखर तरीके से सबके सामने आई है। इस लंबे समय से चले आ रहे मुद्दे ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि, छात्रों के नेतृत्व वाला यह आंदोलन न केवल बढ़ते असंतोष को दर्शाता है, बल्कि SSC परीक्षाओं के संचालन और परिणामों की प्रक्रिया के तरीके पर भी गहरा सवाल उठाता है। सोशल मीडिया पर भी इस आंदोलन को जोरदार तरीके से शेयर किया गया। शेयर किए गए विजुअल्स में धरना स्थल पर छात्रों की भारी भीड़ दिखाई गई।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com