मुंबईकरों को बड़ा तोहफा! मेट्रो-फ्लाईओवर समेत तीन मेगा प्रोजेक्ट्स को मंजूरी, आसान होगा सफर

Mumbai News: महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई मेट्रो लाइन 11 समेत तीन मेगा प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी। 23,487 करोड़ की लागत से बनने वाली मेट्रो से ट्रैफिक घटेगा और मुंबईकरों को आरामदायक सफर मिलेगा।
मुंबई रिंग रोड ( pic credit; social media)
मुंबई रिंग रोड ( pic credit; social media)
Updated on

 Mumbai Three Mega Projects: महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए राज्य की सबसे बड़ी परिवहन परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी है। शासन निर्णय (GR) के अनुसार, तीन अहम प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिल चुकी है, जिनके पूरे होने के बाद मुंबईकरों की यात्रा पहले से कहीं ज्यादा सुगम, सुरक्षित और आधुनिक हो जाएगी।

सबसे अहम परियोजना मुंबई मेट्रो लाइन 11 है, जो वडाला से सीधे गेटवे ऑफ इंडिया तक जाएगी। लगभग 23,487.51 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस मेट्रो लाइन से दक्षिण मुंबई की भीड़भाड़ काफी कम होगी। वडाला से गेटवे तक सफर करने वाले यात्रियों को न केवल आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा बल्कि सड़क यातायात पर दबाव भी घटेगा।

इसके अलावा, दो और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिली है। पहला, मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (अटल सेतु) से जुड़ने वाले कनेक्टिंग फ्लाईओवर और दूसरा, पूर्वी व पश्चिमी उपनगरों को जोड़ने वाली नई रोड कनेक्टिविटी परियोजना। इन प्रोजेक्ट्स पर भी हजारों करोड़ रुपये का निवेश होगा और अगले कुछ वर्षों में इनके पूरे होने की उम्मीद है।

विशेषज्ञों का मानना है कि ये तीनों प्रोजेक्ट मिलकर मुंबई की जीवनरेखा में क्रांतिकारी बदलाव लाएंगे। दक्षिण मुंबई में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी, नवी मुंबई और ठाणे से आने-जाने वालों के लिए समय बचेगा और यात्रा का अनुभव अधिक सुविधाजनक होगा।

सरकार का दावा है कि इन प्रोजेक्ट्स से न केवल आम नागरिकों को फायदा होगा बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी। व्यापारिक क्षेत्रों तक पहुंच आसान होने से रोजगार और निवेश के अवसर भी बढ़ेंगे।

मुंबईकरों के लिए यह घोषणा किसी राहत से कम नहीं है। लंबे समय से पेंडिंग पड़े इन प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिलने के बाद अब उम्मीद है कि शहर का परिवहन ढांचा अगले दशक में पूरी तरह बदल जाएगा और सफर कहीं ज्यादा तेज़ और आरामदायक होगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com