Real Estate: मुंबई रियल एस्टेट ने रचा इतिहास, 2025 में 1.5 लाख से ज्यादा प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन

Mumbai News: ऊंची कीमतों के बावजूद मुंबई का रियल एस्टेट बाजार 2025 में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। 14 साल में सबसे ज्यादा संपत्ति पंजीकरण और स्टांप ड्यूटी वसूली ने बाजार की मजबूती साबित की।
india-housing-sales-drop-2026-q1-west-asia-war-impact
मुंबई प्रॉपर्टी मार्केट (सौ. सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Mumbai News In Hindi: आर्थिक दबाव, ऊंची ब्याज दरों और महंगी संपत्ति कीमतों के बावजूद मुंबई का रियल एस्टेट बाजार वर्ष 2025 में ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गया है।

सरकारी पंजीकरण विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मुंबई नगर निगम क्षेत्र में साल भर में 1.50 लाख से अधिक संपत्तियों का पंजीकरण हुआ, जो पिछले 14 वर्षों का सर्वाधिक स्तर है।

पिछले साल की तुलना में बढ़ोतरी

आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में दर्ज संपत्ति पंजीकरण 2024 की तुलना में लगभग 6 प्रतिशत अधिक रहे। यह वृद्धि दर्शाती है कि निवेशकों और खरीदारों का भरोसा अब भी मुंबई के रियल एस्टेट बाजार पर कायम है, खासकर आवासीय और पुनर्विकास परियोजनाओं में।

स्टांप ड्यूटी कलेक्शन में 11% उछाल

संपत्ति सौदों की बढ़ती संख्या के साथ सरकार की आय में भी उल्लेखनीय इजाफा हुआ। वर्ष 2025 में कुल 13,487 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी वसूली दर्ज की गई, जो सालाना आधार पर करीब 11 प्रतिशत अधिक है। यह आंकड़ा राज्य के लिए राजस्व के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

दिसंबर में भी बना रहा तेजी का रुख

साल का अंतिम महीना भी बाजार की मजबूती को दर्शाता है। दिसंबर 2025 में कुल 14,447 प्रॉपर्टी डील्स दर्ज की गईं, जिनसे लगभग 1,263 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी वसूली हुई। यह आंकड़ा दिसंबर 2024 की तुलना में 16 प्रतिशत और नवंबर 2025 से 18 प्रतिशत अधिक रहा।

भविष्य को लेकर सकारात्मक संकेत

विशेषज्ञों का मानना है कि मजबूत मांग, बुनियादी ढांचे में निवेश और पुनर्विकास परियोजनाओं के चलते आने वाले महीनों में भी मुंबई का रियल एस्टेट बाजार स्थिर और मजबूत बना रह सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com