अजित पवार को लगने वाला है बड़ा झटका! ये दिग्गज नेता जल्द छोड़ने वाली हैं साथ

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनावों के बीच अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को बड़ा झटका लग सकता है।
ajit pawar
अजित पवार (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai News: महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों के बीच बेटे पार्थ की लैंड डील और 'वोट नहीं दिए तो फंड नहीं दूंगा' के विवाद में घिरे डिप्टी सीएम अजित पवार की एनसीपी को बड़ा झटका लग सकता है। पार्टी के नेतृत्व से नाराज चल रहीं रूपाली ठोंबरे ने अब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को अलविदा कहने का मन बना लिया है। ठोंबरे की एकनाथ शिंदे के बेटे और कल्याण से सांसद श्रीकांत शिंदे से मुलाकात ने राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। अब चर्चाएं हैं कि रूपाली जल्द ही शिवसेना का हिस्सा बन सकती हैं।

रूपाली ठोंबरे अब तक एनसीपी की प्रदेश प्रवक्ता थीं। सतारा की डॉक्टर संपदा मुंडे के सुसाइड के मामले में राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रूपाली चाकणकर को निशाने पर लेने के बाद एनसीपी ने ठोंबरे के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसके बाद उन्हें अजित पवार से मुलाकात के बाद प्रवक्ता पद से हाथ धोना पड़ा था।

डॉ. संपदा मुंडे एक महिला डॉक्टर थीं, जिन्होंने बलात्कार और उत्पीड़न के बाद कथित रूप से आत्महत्या की थी। यह घटना अक्टूबर 2025 में घटी थी, जिसने महाराष्ट्र में महिला सुरक्षा और न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। इस मामले में राहुल गांधी ने मुंडे के परिवार से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था।

अब, निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच रूपाली ठोंबरे के शिंदे की शिवसेना की तरफ जाने की चर्चा है। एनसीपी (एपी) के प्रवक्ता पद से हटाए जाने के बाद से रूपाली ठोंबरे पाटिल नाराज हैं।

रूपाली ने शनिवार को मुंबई में श्रीकांत शिंदे से मुलाकात की। उनके साथ कांग्रेस की संगीता तिवारी और शिंदे गुट की शर्मिष्ठा येवले भी मौजूद थीं। रूपाली ठोंबरे को फायरब्रांड नेताओं में गिना जाता है। वह अपनी तेजतर्रार बयानबाजी के लिए जानी जाती हैं। रूपाली ठोंबरे पाटिल अक्सर अपने विचार खुलकर रखती हैं। वह पूर्व में पुणे महानगरपालिका की पार्षद भी रह चुकी हैं। ठोंबरे ने दिसंबर 2021 में राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना से एनसीपी जॉइन की थी। वे राष्ट्रीय स्तर की बॉलीबाल प्लेयर रह चुकी हैं और पेशे से एडवोकेट भी हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com