कारों की बिक्री में महाराष्ट्र सबसे आगे (pic credit; social media)
Maharashtra News: भारत के ऑटोमोबाइल सेक्टर में वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (अप्रैल से जून) के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) की रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि में देशभर में पैसेंजर व्हीकल्स यानी कारों की बिक्री 10 लाख यूनिट्स के पार पहुंच गई है। सबसे खास बात यह है कि कारों की सबसे ज्यादा मांग महाराष्ट्र में देखने को मिली, जबकि टू-व्हीलर्स और 3-व्हीलर्स की बिक्री में उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा।
रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल-जून 2025 की तिमाही में महाराष्ट्र में कुल 1.19 लाख कारें बिकीं। इसके बाद उत्तर प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक और हरियाणा का नंबर आया। यह आंकड़ा दर्शाता है कि महाराष्ट्र में पैसेंजर व्हीकल्स की खरीदारी लगातार बढ़ रही है।
देशभर में इस अवधि में कुल 46.75 लाख दोपहिया वाहन बिके। इनमें सबसे ज्यादा 8.18 लाख यूनिट्स उत्तर प्रदेश में खरीदी गईं। इसके बाद महाराष्ट्र, तमिलनाडु, बिहार और मध्य प्रदेश का स्थान रहा। पश्चिमी भारत (गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान आदि) में मिलाकर 14.19 लाख यूनिट्स की बिक्री हुई।
सिर्फ कार ही नहीं, बल्कि कमर्शियल वाहनों की बिक्री में भी महाराष्ट्र अव्वल रहा। राज्य में अप्रैल-जून 2025 के बीच 32,000 यूनिट्स बिकीं। इस दौरान देशभर में कुल 2.23 लाख कमर्शियल व्हीकल्स बेचे गए।
तीन पहिया वाहनों की बात करें तो इस तिमाही में देशभर में कुल 1.65 लाख तिपहिया वाहन बिके। इनमें से सबसे ज्यादा 21,000 यूनिट्स उत्तर प्रदेश में बिकीं।
सियाम का मानना है कि राज्यों के हिसाब से अलग-अलग पैटर्न दिख रहे हैं। आने वाले सितंबर से नवंबर के फेस्टिवल सीजन में वाहनों की बिक्री और तेजी पकड़ सकती है।