Navi Mumbai Municipal Election में गठबंधन दरका, गणेश नाईक ने शिंदे पर ईडी जांच की मांग की

Maharashtra Politics: नवी मुंबई मनपा चुनाव के बीच भाजपा मंत्री गणेश नाईक ने डीसीएम एकनाथ शिंदे पर गंभीर आरोप लगाए। एफडी घोटाले और बिल्डर-नेक्सस को लेकर ईडी जांच की मांग से सियासी घमासान तेज हो गया।
Eknath Shinde vs Ganesh Naik
गणेश नाईक व एकनाथ शिंदे (डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

Ganesh Naik On Eknath Shinde: नवी मुंबई महानगरपालिका चुनाव के बीच महायुति में शामिल भाजपा और शिंदे गुट आमने-सामने आ गए हैं। दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है, जिससे गठबंधन में खटास खुलकर सामने आने लगी है।

भाजपा के कैबिनेट मंत्री गणेश नाईक ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नवी मुंबई महानगरपालिका की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) राशि 3 हजार करोड़ रुपये से घटकर 800 करोड़ रुपये कैसे रह गई, इसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को करनी चाहिए।

एफडी घटी, जवाब किसके पास?

नाईक ने सवाल उठाया कि आखिर यह पैसा कहां गया। उन्होंने कहा कि नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पास है, इसलिए इस पूरे मामले का जवाब भी उसी मंत्रालय को देना चाहिए।

“प्रशासन में बैठे हैं बिल्डरों के एजेंट”

भाजपा मंत्री ने आरोप लगाया कि सिटी एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (सिडको) और नगर निगम प्रशासन में बिल्डरों के एजेंट बैठे हैं। उनके अनुसार प्लॉट सीधे बिल्डरों को दिए जा रहे हैं, जिससे शहर के नियोजित विकास पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कोविड काल में दवाइयों के दुरुपयोग का आरोप

गणेश नाईक ने यह भी दावा किया कि कोविड महामारी के गंभीर दौर में नवी मुंबई में आने वाली दवाइयों और इंजेक्शनों का गलत इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

शिंदे गुट का पलटवार

इन आरोपों पर शिंदे गुट के प्रवक्ता प्रकाश महाजन ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा मंत्री गणेश नाईक ने शिवसेना के प्रमुख नेता और राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी कर गठबंधन की मर्यादा तोड़ी है।

गठबंधन में बढ़ी तल्खी

महाजन ने स्पष्ट किया कि इस तरह के बयान महायुति के भीतर तनाव बढ़ाने का काम कर रहे हैं। चुनावी माहौल में सामने आए इस टकराव ने नवी मुंबई की राजनीति को और गरमा दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com