BJP नेता नजिया इलाही खान को जान से मारने और रेप की धमकी, मुंबई पुलिस से एक्शन की मांग

Nazia Elahi Khan: देश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई में बीजेपी नेता नजिया इलाही खान को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है।
Nazia Elahi Khan Death Threat
BJP नेता नजिया इलाही खान को जान से मारने और रेप की धमकी, मुंबई पुलिस से एक्शन की मांग
Published on: 
Updated on: 

Nazia Elahi Khan Death Threat: मुंबई में बीजेपी नेता नजिया इलाही खान को एक अज्ञात शख्स द्वारा फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस धमकी भरे कॉल में कॉलर ने नजिया इलाही को पाकिस्तान से मर्डर और रेप की धमकियां दीं। कॉलर ने कहा कि "तुम मुंबई जिंदा आई हो, लेकिन वापस लाश बनकर जाओगी।" यह धमकी सऊदी अरब के एक मोबाइल नंबर से आई थी, जो सोहेल खान के नाम पर रजिस्टर्ड है। नजिया इलाही ने इस गंभीर घटना की जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी और मुंबई पुलिस से तुरंत कार्रवाई की अपील की है।

बीजेपी नेता ने क्या कहा?

नजिया इलाही खान ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट में बताया कि वह हाल ही में 26/11 आतंकी हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक कार्यक्रम में शामिल हुई थीं, जो महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस द्वारा आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में कई प्रसिद्ध हस्तियां भी मौजूद थीं। उन्होंने कहा कि इस दौरान आतंकवाद के खिलाफ उनकी आवाज उठाई गई थी। नजिया ने अपनी पोस्ट में आगे बताया कि उस दिन एक राजनीतिक सभा में शामिल होने के लिए वह घर से बाहर जा रही थीं, तभी उन्हें दुबई से एक कॉल आया। कॉलर ने खुद को सोहेल खान बताया और उन्हें धमकी दी कि "तुम मुंबई में हो, मैं तुम्हारे हर कदम का पता लगाता हूं। तुम्हारी जनाजे की तैयारी मुंबई में हो चुकी है।" नजिया ने बताया कि जब उन्होंने फोन काट दिया, तो कॉलर ने बार-बार कॉल किया और साथ ही वॉयस नोट भी भेजा।

गाली-गलौज और धमकी

नजिया इलाही ने यह भी बताया कि फोन पर कॉलर ने उन्हें गंदी गालियां दीं और उनके परिवार के खिलाफ अपशब्द कहे। उन्होंने कहा कि कॉलर ने उनकी मां, बहन और पिता को भी गालियां दीं। नजिया ने यह भी कहा कि कॉलर ने खुलकर कहा, "बंबई आई हो तो ठीक है, लेकिन तुम यहां से डेड बॉडी के रूप में वापस जाओगी।"

मुंबई पुलिस से कार्रवाई की मांग

नजिया इलाही ने मुंबई पुलिस से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि कॉलर ने यह भी बताया कि उनके नंबर को एक बंगाली महिला ने उसे दिया है। इस घटना को लेकर नजिया के समर्थक और फैंस भी गुस्से में हैं और उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की अपील की है।

इस धमकी भरे कॉल ने न केवल नजिया इलाही खान को, बल्कि उनके समर्थकों को भी चिंता में डाल दिया है। अब देखना यह होगा कि मुंबई पुलिस इस मामले में कैसे कार्रवाई करती है और धमकी देने वाले शख्स को पकड़ा जाता है या नहीं।

Navbharat Live
navbharatlive.com