‘द केरल स्टोरी 2’ को मिली बड़ी राहत, हाईकोर्ट ने हटाई रिलीज पर रोक, अब थिएटर्स में होगी स्क्रीनिंग

The Kerala Story 2 Controversy: ‘द केरल स्टोरी 2’ को केरल हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। डिवीजन बेंच ने फिल्म की रिलीज पर लगी अंतरिम रोक हटाते हुए थिएटर्स में स्क्रीनिंग का रास्ता साफ कर दिया है।
The Kerala Story 2 Big Relief On High Court
द केरल स्टोरी 2 (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

The Kerala Story 2 Big Relief On High Court: केरल हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने शुक्रवार को फिल्म द केरल स्टोरी 2 गोज बियॉन्ड की रिलीज पर लगी अंतरिम रोक को हटा दिया। इस फैसले के बाद फिल्म के थिएटर रिलीज का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। जस्टिस सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी और जस्टिस पीवी बालकृष्णन की खंडपीठ ने सिंगल बेंच के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें फिल्म की रिलीज पर 15 दिनों के लिए रोक लगाई गई थी।

द केरल स्टोरी 2 को हाईकोर्ट से मिली राहत

दरअसल, फिल्म के प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह ने सिंगल जज के अंतरिम आदेश के खिलाफ अपील दायर की थी। प्रोड्यूसर की ओर से दलील दी गई कि रिलीज से ठीक एक दिन पहले रोक लगाए जाने से भारी आर्थिक नुकसान होगा और देशभर में तय डिस्ट्रीब्यूशन प्लान पर असर पड़ेगा। डिवीजन बेंच ने सुनवाई के दौरान कहा कि फिल्म के सर्टिफिकेशन को चुनौती देने वाली दलीलें जनहित याचिका (PIL) जैसी प्रतीत होती हैं और सवाल उठाया कि सिंगल बेंच ने इसे किस आधार पर सुना।

गुरुवार देर रात तक चली विस्तृत बहस के बाद कोर्ट ने यह फैसला सुनाया। मामले की तात्कालिकता और फिल्म की रिलीज से जुड़े बड़े आर्थिक दांव को भी अदालत ने ध्यान में रखा। स्टे हटते ही थिएटर मालिकों और वितरकों ने तय कार्यक्रम के अनुसार फिल्म की स्क्रीनिंग की तैयारी शुरू कर दी है।

फिल्म की एक्ट्रेस अदिति भाटिया ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “सच को देखा जाना चाहिए। ‘द केरल स्टोरी 2’ अब थिएटर में लगी है।” उनके इस पोस्ट के बाद फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।

विवादों के बाद बढ़ी चर्चा

फिल्म को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बहस छिड़ गई है। विरोध करने वाले याचिकाकर्ताओं ने कंटेंट को लेकर आपत्तियां जताते हुए न्यायिक हस्तक्षेप की मांग की थी। वहीं फिल्म-निर्माताओं का कहना है कि यह रचनात्मक अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दायरे में आती है, जिसे कानून संरक्षण देता है। यह विवाद कहीं न कहीं फिल्म के पहले पार्ट को लेकर हुई बहसों की याद भी दिलाता है।

बॉक्स ऑफिस पर क्या पड़ेगा असर?

इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि कानूनी विवाद ने फिल्म के प्रति लोगों की जिज्ञासा और बढ़ा दी है। अक्सर देखा गया है कि विवादों के कारण फिल्मों को अतिरिक्त पब्लिसिटी मिलती है, जिसका असर शुरुआती बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर पड़ सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कोर्ट से मिली राहत के बाद ‘द केरल स्टोरी 2’ दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com