

Maharashtra Farmers Suicide Issue: महाराष्ट्र विधानसभा का मानसून सत्र खत्म हो गया। इस बार का मानसून सत्र विवादों से भरा रहा। हिंदी बनाम मराठी विवाद हो या विधान भवन परिसर के भीतर दो विधायकों के समर्थकों के बीच हाथापाई। तमाम ऐसी घटनाएं घटी जिससे कई सवाल खड़े हुए। अब विधानसभा के अंदर का एक और वीडियो सामने आया है। जिसने राज्य में बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है।
एक तरफ जहां महाराष्ट्र में किसान लगातार आत्महत्या कर रहे हैं। यह आंकड़ा साल दर साल बढ़ता जा रहा है। वहीं दूसरी ओर जिन पर पूरे राज्य के किसानों का जिम्मा है। जिन्हें जनता ने वोट देकर राज्य की सेवा करने के लिए विधानसभा में भेजा हैं। वे विधानसभा में जाकर मोबाइल में गेम खेलते नजर आए।
महाराष्ट्र कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे कथित तौर पर राज्य विधानसभा में अपने मोबाइल फोन पर रमी गेम खेलते हुए पकड़े गए। जिसका एक वीडियो राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहत पवार ने सोशल मीडिया पर शेयर किया।
विधायक रोहित पवार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर यह वीडियो शेयर करते हुए सत्ताधारी पार्टी पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि सत्ता में बैठी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी भाजपा से पूछे बिना कुछ नहीं कर सकती। इसीलिए, जब कृषि से जुड़े अनगिनत मुद्दे लंबित हैं, और राज्य में हर दिन 8 किसान आत्महत्या कर रहे हैं, तब भी कोई काम नहीं हो रहा है, तो कृषि मंत्री पर रमी खेलने का समय आ गया है।
बता दें मानसून सत्र के दौरान सरकार ने इस हुई किसान आत्महत्याओं के आंकड़ें जारी किए थे। सरकार ने विधानसभा में बताया कि मराठवाड़ा क्षेत्र के 8 जिलों में इस साल जनवरी महीने से 26 जून तक 520 किसानों ने आत्महत्या की है। यह संख्या पिछले साल इसी अवधि में दर्ज आत्महत्या के 430 मामलों से 20 प्रतिशत अधिक है।
वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी पार्टियों ने मंत्री कोकाटे और महायुति सरकार की जमकर आलोचना की। आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए, माणिकराव कोकाटे ने कहा कि यह खेल रम्मी नहीं, बल्कि सॉलिटेयर है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है।
मंत्री कोकाटे ने कहा कि "यह विधान परिषद का वीडियो होगा। हॉल में सीसीटीवी लगे हैं। मुझे सदन के नियम पता हैं। इसलिए मैं ऐसा कुछ नहीं कर सकता। सदन स्थगित हो चुका था। फिर मैंने अपना फ़ोन चालू किया और यूट्यूब पर ऊपरी सदन में क्या चल रहा है, यह देखने लगा। तभी जंगली रम्मी का विज्ञापन आया। मैं उसे तुरंत स्किप कर रहा था। यह उस समय का वीडियो है। यह 10 से 12 सेकंड का वीडियो है। जब विज्ञापन स्किप नहीं हो रहा था, तो मैंने दो-तीन बार कोशिश की। और विज्ञापन स्किप कर दिया।"