सेल्फी का जुनून पड़ा भारी, विशाल लहर की चपेट में आए पर्यटक, बाल-बाल बची जान

Canary Islands Viral Video : कैनरी द्वीप समूह में चट्टान के किनारे फोटो लेते समय एक विशाल लहर ने पर्यटकों को चपेट में ले लिया, गनीमत रही कि सभी सुरक्षित बच गए।
Tourists narrowly escaped death after a giant wave hit them while taking photos on a cliff in the Canary Islands.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ocean Wave Accident : कैनरी द्वीप समूह के ग्रैन कैनारिया इलाके में एक बेहद डरावनी घटना सामने आई है, जहां पर्यटक विशाल लहर की चपेट में आकर बाल-बाल बच गए। यह घटना फारो डी सार्डिना डेल नॉर्ट के पास हुई, जहां कुछ पर्यटक समुद्र के बेहद खतरनाक चट्टानी किनारे पर खड़े होकर तस्वीरें और वीडियो बना रहे थे।

इस दौरान समुद्र में उठती तेज और शक्तिशाली लहरों ने अचानक चट्टानों से टकराकर ऊपर तक पानी उछाल दिया। पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई, जिसे बाद में इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया और यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

चेतावनियों को किया नजरअंदाज

स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, इन पर्यटकों ने वहां लगे चेतावनी संकेतों को अनदेखा कर दिया था। इतना ही नहीं, उन्होंने सुरक्षा के लिए लगाई गई बाड़ को भी पार कर लिया और चट्टान के बिल्कुल किनारे खड़े होकर फोटो लेने लगे। बताया गया कि यह चट्टानें करीब 66 फीट से ज्यादा नीचे गिरती हैं, जहां गिरना जानलेवा साबित हो सकता है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति चट्टान के बिल्कुल किनारे खड़ा है, जबकि एक महिला पास की चट्टान पर बैठकर अपने फोन से वीडियो और तस्वीरें बना रही है। तभी अचानक एक विशाल लहर चट्टानों से टकराई और पानी उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे सभी पर्यटक घबराकर ऊंची जगह की ओर भागने लगे।

विशेषज्ञों ने दी सख्त चेतावनी

जलीय दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए काम करने वाली संस्था Canarias 1500 Km de Costa ने इस घटना पर चिंता जताई है। संस्था का कहना है कि इस तरह के खतरनाक इलाकों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी न केवल पर्यटकों की जान जोखिम में डालती है, बल्कि आपातकालीन सेवाओं पर भी अतिरिक्त दबाव डालती है। विशेषज्ञों के अनुसार, अगर इस तरह की घटना में कोई हादसा हो जाए, तो रेस्क्यू ऑपरेशन भी बेहद जोखिम भरा होता है।

गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी मिस्र में एक चीनी पर्यटक विशाल लहर की चपेट में आकर चट्टानों से टकराया था, हालांकि वह भी किस्मत से बच गया। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि रोमांच और सेल्फी के चक्कर में सुरक्षा से समझौता करना कितना खतरनाक हो सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com