नक्सलियों के गढ़ में नशे का कारोबार! गड़चिरोली पुलिस की बड़ी रेड; गांव में हो रही थी गांजे की खेती

Gadchiroli: गड़चिरोली में अवैध गांजे की खेती कर रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 15 लाख रुपये का माल बरामद होने से तहसील के दुर्गम इलाकों में चल रहे नशे के काले कारोबार में खलबली मच गई।
Gadchiroli police raid 15 lakh ganja seized
30 किलो गांजा जब्त (सौजन्य-नवभारत)
Updated on

Gadchiroli Police Ganja Seizure News: गड़चिरोली जिले में शुरू अवैध व्यवसाय पर लगाम कसने के आदेश जिला पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने जिले के सभी पुलिस थानों को दिये है। जिसके अनुसार पुलिस विभाग द्वारा शराब समेत अन्य अवैध व्यवसाय के खिलाफ कार्रवाइयां निरंतर रूप से की जा रही है।

ऐसे में कोरची पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले हितकसा गांव में एक व्यक्ति ने कम समय में अधिक पैसे कमाने के चक्कर में गांजे की खेती करना शुरू की और उपज घर में लाकर बिक्री करने की तैयारी में था। लेकिन इस मामले की जानकारी मिलते ही सोमवार को कोरची पुलिस ने छापामार कार्रवाई कर करीब 15 लाख 19 हजार 750 रुपये का 30.375 किलो ग्राम गांजा जब्त किया है।

वहीं इस मामले में हितकसा निवासी पुनाराम अलीसाय मडावी (45) नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल और उपविभागीय पुलिस अधिकारी रवींद्र भोसले के मार्गदर्शन में कोरची पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक समाधान दौड़ और कोरची पुलिस ने की है। पुलिस इस कार्रवाई से तहसील में गांजे की खेती करने वालों में खलबली मच गयी है।

नवंबर में 1.19 करोड़ का गांजा किया था जब्त

दो माह पहले यानी नवंबर में 13 तारीख को एलसीबी के पथक ने कोरची तहसील के मालेवाडा पुलिस सहायता केंद्र अंतर्गत आने वाले हुर्यालदंड निवासी कृष्णा हरीसिंह बोगा (41) के घर पर छापामार कार्रवाई की। जहां आरोपी के घर परिसर में ही गांजे की खेती दिखाई दी थी।

जिससे एलसीबी के पथक ने कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 19 लाख 83 हजार रुपये का 239.66 किलो ग्राम गांजा जब्त किया था। इस कार्रवाई को दो माह की अवधि नहीं बीती की और अब कोरची पुलिस ने 15 लाख रुपये का गांजा जब्त किया है।

तहसील में गांजे की खेती

कोरची तहसील छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा पर बसी है। वहीं यह तहसील पूरी तरह आदिवासी बहुल और जंगल से घिरी हुई है। पिछले कुछ वर्षों से इस तहसील में कुछ लोगों द्वारा गांजे की खेती करना शुरू कर दिया है। पुलिस द्वारा निरंतर कार्रवाइयां करने के बाद भी कोरची तहसील के दुर्गम क्षेत्र में गांजे की खेती हो रही है।

यहां पर उत्पादित गांजा बाहर राज्य समेत जिला मुख्यालय में पहुंचाए जाने की जानकारी भी मिल रही है। विभाग को इस ओर गंभीरता से ध्यान देकर गांजा की खेती करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की आवश्यकता होने की बात कही जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com