
गड़चिरोली न्यूज
Gadchiroli News: पिछले कुछ दिनों से जिले में विभिन्न जगहों पर हादसे हो रहे है। तीन दिन पहले आलापल्ली-आष्टी मार्ग पर पुलिया के नीचे कार गिरने से दो लोगों की मृत्यु हो गयी थी। वहीं एक दिन पहले इसी मार्ग पर ट्रक की दोपहिया को टक्कर लगने से तीन सगे भाई घायल हो गए थे। अब धानोरा तहसील में भीषण हादसा हुआ है। लोगों को लेकर धानोरा की ओर आ रहा मिनिडोअर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया।
जिसमें करीब 10 लोग घायल होकर इनमें से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये है। यह घटना शुक्रवार को दोपहर 3 बजे के दौरान राजोली-धानोरा मार्ग पर घटी। सभी घायलों को उपचार के लिए धानोरा के ग्रामीण अस्तपाल में भर्ती कराया गया है। वहीं गंभीर चार घायलों को उपचार के लिए गड़चिरोली के जिला अस्पताल में रेफर किया गया है।
घायलों में वाहन चालक एरंडी निवासी प्रफुल पदा (27), नवरगांव निवासी लालाजी गावडे (50), एरंडी निवासी मोतीराम उसेंडी (50), गणू गावडे (70), मोतीबाई नरोटे (60), वच्छला कुमोटी (50), अनिता पदा (40), इंदू कुमोटी (60), जाईबाई उसेंडी (70) और विश्वनाथ पदा (61) का समावेश है।
धानोरा तहसील के लेखा गांव निवासी रामा हलामी रिश्तेदार के पोते का शुक्रवार को नामकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिससे येरंडी गांव के करीब 10 लोग मिनिडोअर पर सवार होकर लेखा गांव की ओर जा रहे थे। इसी बीच राजोली-धानोरा मार्ग पर चालक का नियंत्रण छुटने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। दुर्घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराए जाने की जानकारी मिली है।
यह भी पढ़ें – चंद्रपुर मनपा: UBT ने VBA से मिलाया हाथ, BJP-कांग्रेस के बीच फंसा पेंच, छोटे दलों की फिल्डिंग ने बढ़ाया रोमांच
बताया जा रहा है कि धानोरा-गड़चिरोली मार्ग पर स्थित राजोली गांव की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग का सीमेंट-कांक्रीटीकरण किया गया है। ऐसे में सड़क पर खाली बोरे बिछाकर रखे गये है। इस मार्ग से जाते समय वाहन स्लीप होकर अनियंत्रित हो गयी। और सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा टकराया।
दुर्घटना के बाद सभी घायलों को धानोरा के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं चार गंभीर घायलों को उपचार के लिए गड़चिरोली के जिला अस्पताल में रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही गड़चिरोली विस क्षेत्र के विधायक डा। मिलिंद नरोटे तत्काल धानोरा के ग्रामीण अस्पताल में पहुंचे। जहां पर उन्होंने स्वयं ही घायलों का उपचार किया। विधायक ने उचित उपचार करने का निर्देश अस्पताल प्रबंधन को दिया है।






