Gadchiroli: दशहरे मेले में बड़ा हादसा, हाइड्रोजन सिलेंडर में भीषण विस्फोट, 2 बच्चों समेत 20 लोग घायल

Cylinder explosion at Dussehra fair: गड़चिरोली जिले के अहेरी में दशहरे के मेले के दौरान बड़ा विस्फोट हो गया। इस भीषण विस्फोट में 2 बच्चों समेत 20 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
Cylinder explosion at Dussehra fair: गड़चिरोली जिले के अहेरी में दशहरे के मेले के दौरान बड़ा विस्फोट हो गया। इस भीषण विस्फोट में 2 बच्चों समेत 20 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
दशहरे मेले में सिलेंडर विस्फोट (डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

Gadchiroli News: अहेरी में प्रति वर्ष बड़े उत्साह से आयोजित होने वाले दशहरे के पारंपरिक मेले में देर रात बड़ा हादसा हुआ। गुब्बारे भरने के सिलेंडर में अचानक हुए विस्फोट में 20 नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं। सैकड़ों साल पुरानी परंपरा से आयोजित अहेरी के दशहरे मेले में आसपास के गांवों से हजारों लोग एकजुट होते हैं। इस दौरान बाजार और जत्रा जैसी बड़ी भीड़भाड़ रहती है।

शुक्रवार तड़के अचानक हुए इस जोरदार धमाके से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि मुख्य चौक तक लोगों को धक्का लगने की बात कही जा रही है। घटना में गंभीर रूप से घायल नागरिकों को तुरंत अहेरी उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाक्टरों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति अब स्थिर है।

राज्यमंत्री ने घायलों से की मुलाकात

इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही पूर्व राज्यमंत्री अम्बीशराब आत्राम ने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और आवश्यक उपचार की व्यवस्था के निर्देश दिए। इस घटना से अहेरी समेत संपूर्ण जिले में खलबली मच गयी है।

घायलों में इनका समावेश

अहेरी शहर में दशहरे के उपलक्ष्य में मेले का आयोजन किया गया था। इस दौरान अचानक हुए गैस सिलेंडर के विस्फोट में करीब 20 लोग घायल हो गये। जिनमें दो मासूम बच्चों का समावेश है। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में अहेरी निवासी नागेश कविराजनवार (26), गणेश पुनमवार (21), गडअहेरी निवासी राहुल दुर्गे (4), बोटलागुडा निवासी अंचना मेश्राम (20), वर्धन मेश्राम (22), अक्षय मेश्राम (22), कोमीन भवर (26) समेत अन्य लोगों का समावेश है।

हाइड्रोजन सिलेंडर से जानलेवा खतरा

अहेरी के दशहरा मेले में हुआ यह हादसा एक गंभीर सवाल खड़ा करता है। यात्राओं और मेलों में गुब्बारे बेचने वाले आकर्षण के लिए हाइड्रोजन गैस से गुब्बारे भरते हैं। जबकि नियमों के अनुसार इसके लिए हीलियम गैस का उपयोग करना अनिवार्य है।

हाइड्रोजन अत्यधिक ज्वलनशील होने से छोटी सी चूक भी बड़े विस्फोट का कारण बन जाती है। खर्च बचाने के लिए विक्रेता सस्ती हाइड्रोजन का उपयोग करते हैं और इससे मेले का आनंदमय माहौल एक पल में भीषण दुर्घटना में बदल जाता है। इस घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई और प्रशासनिक जिम्मेदारी पर नागरिकों की नजर टिकी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com