राज्यसभा चुनाव के लिए राकां SP और शिवसेना UBT में हुई सीक्रेट डील, कांग्रेस की बढ़ी मुश्किल

Maharashtra Rajya Sabha Election: राज्यसभा चुनाव के लिए मविआ में सीट बंटवारे पर खींचतान। राकां (SP) और शिवसेना (UBT) में डील की खबर, जबकि कांग्रेस ने भी ठोंका अपना दावा।
MVA Secret Deal NCP SP Shiv Sena UBT
MVA Secret Deal NCP SP Shiv Sena UBT (फोटो क्रेडिट-X)
Published on
Updated on

MVA Secret Deal NCP SP - Shiv Sena UBT: महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव की रणभेरी बजते ही महाविकास आघाड़ी (मविआ) के भीतर सियासी हलचलें तेज हो गई हैं। प्रदेश की 7 राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले इस चुनाव में संख्या बल के हिसाब से मविआ केवल एक सीट सुरक्षित जीत सकती है। इसी एक सीट को लेकर शिवसेना (UBT) और राकां (SP) के बीच एक 'सीक्रेट डील' होने की खबरें आ रही हैं, जिसने गठबंधन के तीसरे साथी कांग्रेस की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इस डील के तहत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (ठाकरे गुट) ने एक-दूसरे को समर्थन देने का फॉर्मूला तैयार किया है। हालांकि, कांग्रेस ने भी अपनी राष्ट्रीय पार्टी वाली साख का हवाला देते हुए इस सीट पर दावा ठोंक दिया है, जिससे पेंच फंसता नजर आ रहा है।

क्या है राकां (SP) और शिवसेना (UBT) की 'इनसाइड डील'?

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि शरद पवार और उद्धव ठाकरे के बीच एक महत्वपूर्ण सहमति बनी है। इसके तहत शिवसेना (UBT) आगामी विधान परिषद चुनाव में राकां (SP) के उम्मीदवार का समर्थन करेगी, बशर्ते राकां (SP) को राज्यसभा की इस इकलौती सीट पर अपना प्रत्याशी उतारने का मौका मिले। इस सीट के लिए राकां (SP) की ओर से बालासाहेब थोरात का नाम सबसे आगे चल रहा है। थोरात, जो पिछले विधानसभा चुनाव में संगमनेर से हार गए थे, गुरुवार को विधान भवन में काफी सक्रिय दिखे। वहीं, उद्धव ठाकरे को फिर से विधान परिषद भेजने पर भी दोनों दलों में सैद्धांतिक सहमति बनी है।

कांग्रेस की दावेदारी और संख्या बल का गणित

कांग्रेस के विधायक दल नेता विजय वडेट्टीवार ने स्पष्ट किया है कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है, इसलिए राज्यसभा की सीट पर पहला हक उनका बनता है। मविआ के पास वर्तमान में कुल 46 विधायक हैं, जबकि एक उम्मीदवार को जीतने के लिए 38 वोटों की आवश्यकता है। संख्या बल के आधार पर महायुति आसानी से 6 सीटें जीत सकती है, जबकि मविआ केवल एक। कांग्रेस का तर्क है कि उनके पास विधायकों की संख्या अधिक है, इसलिए गठबंधन को उनके उम्मीदवार के नाम पर विचार करना चाहिए। हालांकि, वडेट्टीवार ने यह भी कहा कि अंतिम फैसला 5 मार्च तक बातचीत के जरिए सम्मानजनक तरीके से ले लिया जाएगा।

इन दिग्गजों का कार्यकाल हो रहा है समाप्त

चुनाव आयोग ने 16 मार्च 2026 को वोटिंग की घोषणा की है, क्योंकि अप्रैल में महाराष्ट्र के कई दिग्गजों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इनमें राकां (SP) प्रमुख शरद पवार, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, कांग्रेस की रजनी पाटील, राकां (SP) की फौजिया खान, शिवसेना (UBT) की प्रियंका चतुर्वेदी, और भाजपा के धैर्यशील पाटील व भागवत कराड शामिल हैं। शरद पवार के दोबारा सदन में जाने की चर्चाओं के बीच बालासाहेब थोरात का नाम सामने आना राज्य की राजनीति में नई संभावनाओं को जन्म दे रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com